देवघर के नावाडीह में बना नया ROB चालू, रेलवे फाटक 27/C स्थायी रूप से बंद
देवघर के नावाडीह में 37.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। ...और पढ़ें

आरओबी हुआ चालू। (जागरण)
HighLights
नावाडीह में 37.55 करोड़ की लागत से ROB चालू।
लेवल क्रॉसिंग गेट 27/C स्थायी रूप से बंद होगा।
यातायात सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा, जाम से राहत।
जागरण संवाददाता, देवीपुर। देवघर क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में पूर्वी रेलवे द्वारा लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 27/C के स्थान पर निर्मित नावाडीह स्थित देवघर एम्स को जाने वाली रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के चालू हो जाने के बाद देवघर देवीपुर मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध हो गया।
रेलवे एवं राज्य सरकार की संयुक्त लागत साझेदारी से लगभग 37.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल की कुल लंबाई 808 मीटर तथा सड़क चौड़ाई 7.5 मीटर है।
यह पुल सत्संगनगर-भिरखीबाद रोड (MDR-219) पर स्थित व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग को प्रतिस्थापित करेगा, जहां अक्सर जाम, दुर्घटना की आशंका और यातायात बाधित होने की समस्या बनी रहती थी।
गेट संख्या 27/C बंद
रोड ओवर ब्रिज के शुरू होने के साथ ही लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 27/C को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। इससे सड़क और रेल दोनों यातायात की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी तथा लोगों को लंबे इंतजार और जाम से राहत मिलेगी।
यह परियोजना क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और स्थानीय लोगों को तेज एवं सुरक्षित आवागमन सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुल के चालू होने से शंकरपुर, जसीडीह और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- धोरैया-असरगंज फोरलेन सड़क निर्माण का सर्वे शुरू, बांका से देवघर जाना होगा आसान