यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Neet Paper Leak 2024: नीट पेपर लीक मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, देवघर से 6 आरोपी गिरफ्तार; ऐसे कर रहे थे खेला
Deoghar News नीट पेपर लीक मामले में पटना पुलिस की टीम ने देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के एम्स के सामने एक किराए के मकान से छापेमारी कर छह आरोपित ...और पढ़ें

HighLights
- नीट पेपर लीक मामले में बिहार के बाद झारखंड में एक्शन जारी है।
- झारखंड के देवघर से पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
- देवघर से पकड़े गए सभी आरोपी नालंदा के रहने वाले हैं।
जागरण संवाददाता, देवघर। Deoghar News: नीट पेपर लीक मामले में पटना पुलिस की टीम ने देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के एम्स के सामने एक किराए के मकान से छापेमारी कर छह आरोपितों को हिरासत में लिया है। हालांकि रेड करने आई पटना पुलिस ने देवघर पुलिस को बताया था कि ये सभी साइबर ठगी के आरोपित है। देवघर पुलिस को शनिवार को इस बात का पता चला कि वे सभी असल में नीट पेपर लीक मामले में पकड़े गए हैं।
सभी आरोपी नालंदा के रहने वाले
सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए युवकों में चिंटू कुमार उर्फ सिंटू, प्रशांत कुमार, पंकु कुमार, परमजीत सिंह, बालदेव सिंह व काजू कुमार शामिल हैं। इन सभी को पटना पुलिस अपने साथ चुपके से ले गई है। पकड़े गए सभी लोग बिहार के नालंदा के रहने वाले बताए जाते हैं।
ऐसे करते थे खेला
बताया जाता है कि ये सभी देवघर के झुन्नू सिंह के घर में मकान में किराए पर रह रहे थे। पकड़े गए युवकों में से एक गार्ड है और वर्तमान में एम्स में कार्यरत है। वह भी नालंदा का ही रहने वाला था और इन लोगों से पूर्व परिचित था।
उस ने इन लोगों को किराए पर मकान दिलाया था। वे लोग यहां मजदूर बनकर रह रहे थे। चूंकि देवघर पुलिस को पटना पुलिस ने बताया कि ये लोग साइबर ठग है। इस कारण यहां की पुलिस भी मामले में बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं हुई। हालांकि जब पता चला कि ये सभी नीट पेपर घोटाला में शामिल हैं तो सभी का होश उड़ गया। हालांकि, इस बारे में स्थानीय कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ भी नहीं बता रहे हैं।