Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद के लिए धड़कता है बॉलीवुड अभिनेता जावेद पठान का दिल, लेकिन हवाईअड्डे की कमी का मलाल

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 08:07 PM (IST)

    Actor Javed Pathan अभिनेता जावेद पठान ने धनबाद में हवाईअड्डे की कमी को सबसे बड़ी समस्या बताया है और पारसनाथ-तोपचांची के बीच इसके निर्माण का सुझाव दिया ...और पढ़ें

    अभिनेता जावेद पठान। (फोटो जागरण)

    अभिनेता जावेद पठान। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. अभिनेता जावेद पठान ने धनबाद में एयरपोर्ट की कमी बताई।

    2. पारसनाथ-तोपचांची के बीच हवाईअड्डा बनाने का सुझाव दिया।

    3. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विकास के लिए पहल की अपील।

    डिजिटल डेस्क, धनबाद। बॉलीवुड अभिनेता जावेद पठान इन दिनों अपने गृह क्षेत्र झरिया (धनबाद) आए हुए हैं। करीब 19 वर्षों से मुंबई में रह रहे पठान का कहना है कि धनबाद हर दृष्टि से समृद्ध शहर है, लेकिन यहां हवाईअड्डा नहीं होना सबसे बड़ी कमी है। उनका मानना है कि पारसनाथ और तोपचांची के बीच एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

    दैनिक जागरण से बातचीत में जावेद पठान ने कहा कि धनबाद में देश का प्रतिष्ठित आईआईटी (आइएसएम) है, वहीं पास में पारसनाथ जैसा विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल स्थित है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। इसके बावजूद धनबाद में एयरपोर्ट की सुविधा नहीं होना समझ से परे है।

    बिहार के छोटे-छोटे शहरों में हवाईअड्डे

    उन्होंने कहा कि बिहार के गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे शहरों में हवाईअड्डे विकसित हो चुके हैं, तो धनबाद को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि एयरपोर्ट बनने से निवेश बढ़ेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

    पठान ने कहा कि धनबाद उनके दिल में बसता है। उनका दिल हमेशा धनबाद के लिए धड़कता है। इस शहर से उनके बचपन की अनेक यादें जुड़ी हैं। बचपन के दोस्तों के साथ उनका भावनात्मक लगाव आज भी कायम है।

    उन्होंने कहा, मुंबई में व्यस्तता के बावजूद समय निकालकर यहां आने का मन करता है। हालांकि, चाहकर भी नहीं आ पाता हूं। अगर धनबाद में हवाईअड्डा होता, तो जब भी मन करता, दो-तीन घंटे का सफर तय कर यहां आ जाता। आज यहां आने के लिए काफी सोचना पड़ता है। हमारे जैसे सैकड़ों-हजारों लोग होंगे, जिनकी सोच भी यही होगी।

    खबरें और भी

    मुंबई से धनबाद पहुंचने में हुई परेशानी

    जावेद पठान ने बताया कि इस बार मुंबई से धनबाद आने का सफर काफी थकाऊ रहा। पहले मुंबई एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे इंतजार करना पड़ा, फिर रांची पहुंचे। वहां से टैक्सी से लगभग पांच घंटे का सफर तय कर झरिया पहुंचना पड़ा। मुंबई और रांची में बारिश के कारण उनकी तबीयत भी कुछ खराब हो गई। उन्होंने कहा कि यदि धनबाद में एयरपोर्ट होता तो मुंबई से महज दो-तीन घंटे में सीधे अपने शहर पहुंच सकते थे।

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की अपील

    अभिनेता ने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट नहीं होना निश्चित रूप से एक बड़ी कमी है। हालांकि, इसके लिए वे किसी को दोष नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करते हुए कहा कि राज्य के मुखिया होने के नाते वे हर नागरिक के अभिभावक हैं और धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की पहल करें।

    कौन हैं जावेद पठान?

    झरिया निवासी जावेद पठान भारतीय फिल्म अभिनेता हैं, जिन्होंने हिंदी फिल्मों, टेलीविजन और म्यूजिक वीडियो में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने Horror Love Story (2021), Caste of Love (2022) और NRI Wives (2023) जैसी फिल्मों में अभिनय किया है।

    पठान छोटे पर्दे के बड़े कलाकार माने जाते हैं। टीवी धारावाहिक Vighnaharta Ganesh में भी नजर आ चुके हैं। जावेद पठान झारखंड के क्षेत्रीय फिल्म उद्योग और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिलाने की वकालत भी करते रहे हैं।