स्कूल नहीं, दोस्तों संग मैथन डैम पहुंचा आसनसोल डीएवी का छात्र; नहाने के दौरान डूबने से मौत
Maithon Dam: आसनसोल का 15 वर्षीय छात्र प्रिंस कुमार स्कूल जाने की बात कहकर दोस्तों के साथ मैथन डैम पहुंचा और नहाते समय डूब गया। ...और पढ़ें

मैथन डैम से निकले शव को देखकर बिलखते छात्र के स्वजन और उपस्थित लोग।(फोटो जागरण)
HighLights
आसनसोल का 15 वर्षीय छात्र मैथन डैम में डूब गया।
स्कूल जाने के बहाने दोस्तों संग डैम पहुंचा था।
दोस्तों ने डरकर घटना छिपाई, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। आसनसोल के धधका लाल बंगला निवासी रमेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की मैथन डैम में स्नान के दौरान डूबने से माैत हो गई। वह डीएवी पब्लिक स्कूल,आसनसोल के दसवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार की देर शाम डैम से उसका शव बरामद किया गया।

प्रिंस बुधवार की सुबह अपने सात दोस्त आदित्य राय, ऋषि राय वर्मा, रीत बर्मन, आर्यन प्रसाद, नरेंद्र बाल्मीकि और तन्मय शर्मा के साथ स्कूल जाने की बात कहकर आसनसोल से एक आटो रिजर्व कर मैथन डैम के पश्चिम बंगाल के थर्ड डाइक फायरिंग रेंज घाट पर पहुंच गया। जहां दोपहर में सभी छात्र डैम में नहाने लगे। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में चला गया।
प्रिंस जब डूबने लगा तो साथियों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की। सफल नहीं होने पर घटनास्थल से डर के मारे सभी दोस्त चुपचाप आसनसोल लौट आए। उन्होंने इस घटना की जानकारी किसी को नहीं दी और भय के मारे प्रिंस का स्कूल बैग जंगल में फेंक दिया।
जब प्रिंस घर नहीं लौटा तो चिंतित स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। स्कूल से पता चला कि प्रिंस और उसके दोस्त आज स्कूल आए ही नहीं थे। हताश स्वजनों ने मामले की सूचना आसनसोल नार्थ पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तकनीकी जांच की और दोस्तों से पूछताछ की। तब जाकर घटना का खुलासा हुआ।
खबरें और भी
आसनसोल पुलिस ने तुरंत कल्याणेश्वरी पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम दोस्तों को लेकर मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों की मदद से डैम में सर्च आपरेशन शुरू किया। पुलिस ने जंगल से प्रिंस का स्कूल बैग भी बरामद कर लिया है।
सर्च अभियान के दाैरान देर शाम मैथन डैम से शव को बरामद किया गया।शव देखते ही छात्र के स्वजन पछाड़ मारकर गिर पड़े। उनके चीख-पुकार से कोहराम मच गया।