By tapas palitEdited By: Shashank Shekhar
Updated: Sat, 25 Nov 2023 09:09 AM (IST)
धनबाद में बीटेक के छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नहाने के लिए छात्र तालाब गया हुआ था। इसी दौरान अधिक गहराई में चले जाने से ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। धनबाद के मुनीडीह के सीपीपी मार्ग पर बिंदुगड़िया तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान बीटेक छात्र 23 साल के रितेश कुमार सिंह की डूबने से मौत हो गई। उसके मौसरे भाई 20 वर्षीय नवीन कुमार सिंह को गंभीर हालत में बीजीएच रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रितेश कोलाकुसमा का निवासी था। वहीं, नवीन बोकारो के रानीपोखर का रहने वाला है। दोनों भाई मुनीडीह प्रोजेक्ट में काम करने वाले अपने मामा मानिक सिंह के जटुडीह स्थित घर में तुलसी पीढ़ा स्थापना समारोह में शामिल होने गुरुवार को परिवार के साथ आए थे।
यह है पूरा मामला
मानिक सिंह के घर में भंडारे का आयोजन था और पंडाल में भोजन बन रहा था। तभी हादसे की खबर आई। इसके बाद भंडारा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह नौ बजे मामा के दो बेटों विनीत सिंह व कार्तिक सिंह के साथ ये दोनों बिंदुगड़िया तालाब में नहाने को पहुंचे थे। तालाब में रितेश और नवीन उतर गए और अंदर की ओर बढ़ते गए। गहराई अधिक थी। इस कारण रितेश डूबने लगा। नवीन भी डूबने लगा, मगर वह किसी प्रकार तालाब से निकल आया।
एक को पानी से किसी तरह बाहर निकाला गया
इधर, विनीत और कार्तिक भी तालाब में उतरने की तैयारी कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि नवीन जैसे-तैसे बाहर निकल रहा है, मगर रितेश दिखाई नहीं दे रहा है और वे घबरा गए। भागकर घर गए और सूचना दी। घर के लोग तुरंत आ गए। कारीटांड़ के गोताखोर मुकेश महतो को तालाब में उतारा। उसने काफी प्रयास के बाद रितेश को पानी से निकाला।
स्वजन उसे मुनीडीह क्षेत्रीय अस्पताल ले गए, मगर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बरडुभी के मुखिया मनोज कुमार सिंह, दुबराजडीह के मुखिया रमेश कुमार सिंह, झामुमो नेता राजकुमार नापित भी पहुंचे और सांत्वना दी।
दिल्ली में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था रितेश
रितेश दिल्ली में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन पहले ही अपने घर धनबाद आया था। उसके पिता समुंदर सिंह कोलाकुसमा में व्यवसाय करते हैं। रितेश परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।