कतरास में केबल चोरी का विरोध करने पर अपराधियों ने पंप ऑपरेटर को गोली मारी, दहशत में बीसीसीएल कर्मचारी
Dhanbad News: कतरास में देर रात केबल चोरी करने आए अपराधियों ने बीसीसीएल के पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। ...और पढ़ें
HighLights
बीसीसीएल पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को अपराधियों ने गोली मारी।
केबल चोरी का विरोध करने पर ऑपरेटर को निशाना बनाया गया।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने घटना की जांच और गिरफ्तारी की मांग की।
संवाद सहयोगी, कतरास( धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के सोनारडीह थाना से महज कुछ ही दूरी पर शुक्रवार देर रात अपराधियों ने बीसीसीएल के पंप आपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उमेश जमीन पर गिर गया। घायल को इलाज के लिए बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1:30 बजे केबल चोरी करने अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने विरोध करने पर पंप आपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। उसके पैर में गोली लगी है, फिलहाल वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कोल कर्मी उमेश रविदास थाना के सामने स्थित जलापूर्ति के मोटर पंप पर ड्यूटी कर रहा था। तभी रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों का एक दल केबल लूटने के ख्याल से मौके पर आ धमके। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही शनिवार सुबह विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस से बात की।
दो हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस हरकत में आई। एसएसपी धनबाद खुद घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बीसीसीएल की टीम घायल कर्मचारी का बयान दर्ज कर रही है। इसके बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
सीएमडी एमके अग्रवाल ने घटना पर चिंता जताते हुए पूरी जानकारी मांगी। वहीं कंपनी अधिकारियों ने बताया कि घायल रविदास को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।