बीसीसीएल में सिक्योरिटी मनी घोटाला: जनता मजदूर संघ ने एरिया 12 को बंद करने की साजिश का आरोप लगाया
जनता मजदूर संघ ने बीसीसीएल के सीवी एरिया कार्यालय के समक्ष 16 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। महामंत्री अभिषेक सिंह ने सिक्योरिटी मनी और जमी ...और पढ़ें

धरना को संबोधित करते जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह। (फोटो: जागरण)
संस, जागरण, पंचेत (धनबाद)। जनता मजदूर संघ ने 16 सूत्री मांगों को लेकर Bharat Coking Coal Limited के सीवी एरिया क्षेत्रीय कार्यालय बेगुनिया के समक्ष बुधवार को प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।
संघ के महामंत्री Abhishek Singh ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों की लालफीताशाही के कारण एरिया का उत्पादन शून्य हो गया है। प्रबंधन जमीन अधिग्रहण नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग कंपनियां और अधिकारी मौखिक समझौते के तहत कंपनी में लूट मचा रहे हैं। सिक्योरिटी मनी के नाम पर बीसीसीएल में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है, जिसकी जांच में कई उच्च अधिकारियों की गर्दन फंसी हुई है। उनका जेल जाना लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि इससे पूर्व भी जनता मजदूर संघ की शिकायत पर कई अधिकारियों को जेल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण के मामले में भी घोटाला हुआ है। प्रबंधन ने मूल रैयत के बजाय किसी तीसरे पक्ष से जमीन खरीदी है। प्रबंधन एक साजिश के तहत एरिया-12 को बंद करना चाहता है, जिसका जनता मजदूर संघ विरोध करता है।
संघ के क्षेत्रीय महासचिव Subhash Singh ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन को 16 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के गलत रवैये के कारण परियोजनाएं बंद होती जा रही हैं। यहां अधिकारियों की भी कमी है, इसलिए उनकी नियुक्ति की जाए।
उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी समस्याओं के कारण कई आउटसोर्सिंग कंपनियां काम छोड़कर चली गई हैं। भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के कारण कई कंपनियां यहां आना नहीं चाहतीं।
सभा को केंद्रीय सचिव मृणाल कांत सिंह, क्षेत्रीय सचिव बबलू सिंह, विकास मित्र, देवाशीष मुखर्जी, ब्रह्मदेव कुमार गोप, रामदास मोदी, मुस्तकीम अंसारी, सिकंदर महतो, गौतम मंडल, मनोज कुमार दुबे, शत्रुघ्न अहीर और प्रदीप केवट समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।