मंडे को नो हॉलिडे: गैस एजेंसियों का साप्ताहिक अवकाश रद; अब छुट्टी वाले दिन भी बुक करें अपना सिलिंडर
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बिहार और झारखंड में गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सोमवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद सभी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
पेट्रोलियम मंत्रालय ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लिया निर्णय।
सिलेंडर डिलीवरी, बुकिंग समस्या का होगा तत्काल समाधान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। पेट्रोलियम मंत्रालय ने गैस उपभोक्ताओं की सुविधा और हाल ही में उत्पन्न हुई पैनिक स्थिति को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सोमवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद बिहार और झारखंड की सभी गैस एजेंसियां सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बिहार-झारखंड स्टेट ऑफिस ने इस संबंध में सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं।
ग्राहकों को मिलेंगी ये सुविधाएं
निर्देश के अनुसार, सोमवार को गैस एजेंसियों में कामकाज बाधित नहीं होगा।
- सिलेंडर आपूर्ति: स्टॉक उपलब्ध होने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर की होम डिलीवरी और काउंटर सेल सुनिश्चित की जाएगी।
- सुरक्षा जागरूकता: एजेंसी के कर्मी ग्राहकों को एलपीजी के सुरक्षित उपयोग और सही समय पर बुकिंग करने के तरीके साझा करेंगे।
- बुकिंग समस्या का समाधान: उपभोक्ताओं को बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी परेशानियों को मौके पर ही दूर किया जाएगा।
आंकड़ों में गैस वितरण व्यवस्था
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के डॉ. रामनरेश सिन्हा ने बताया कि आईओसीएल से मिले निर्देश के बाद सभी वितरकों ने तैयारी पूरी कर ली है।
- कुल उपभोक्ता: बिहार व झारखंड में तीनों पेट्रोलियम कंपनियों (IOCL, HPCL, BPCL) के करीब 3 करोड़ उपभोक्ता हैं।
- वितरक नेटवर्क: दोनों राज्यों में कुल 2032 वितरक हैं, जिनमें से 592 अकेले झारखंड में कार्यरत हैं।
- धनबाद की स्थिति: धनबाद जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। यहां IOCL के सबसे अधिक 19 वितरक हैं, जबकि HPCL और BPCL के 12-12 वितरक सेवाएं दे रहे हैं।
मंत्रालय के इस कदम से न केवल सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि साप्ताहिक अवकाश के दिन भी सेवा सुचारु रहने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।