कोल इंडिया के तिमाही नतीजों और लाभांश पर टिकी निगाहें, CMPDI का मुनाफा बढ़ा BCCL बोर्ड ने दी मंजूरी
कोल इंडिया की 27 जुलाई को होने वाली बैठक में पहली तिमाही के नतीजों और अंतरिम लाभांश पर फैसला होगा। इस बीच, सीएमपीडीआई का शुद्ध लाभ 54% बढ़ा और बीसीसीए ...और पढ़ें

बीसीसीएल बोर्ड की बैठक में उत्पादन, वित्त और मानवबल प्रबंधन पर अहम फैसले।
HighLights
कोल इंडिया की 27 जुलाई को तिमाही नतीजों पर बैठक।
सीएमपीडीआई का शुद्ध लाभ 54% बढ़कर 116.3 करोड़ रुपये हुआ।
बीसीसीएल बोर्ड ने पहली तिमाही की ऑडिट रिपोर्ट को मंजूरी दी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की 27 जुलाई को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक को लेकर निवेशकों, कर्मचारियों और कोयला उद्योग की उत्सुकता बढ़ गई है।
इस बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के वित्तीय परिणामों को मंजूरी देने के साथ अंतरिम लाभांश (इंटरिम डिविडेंड) पर भी फैसला होगा। कोल इंडिया की मजबूत लाभांश नीति को देखते हुए बाजार को इस बार भी आकर्षक डिविडेंड की उम्मीद जताई जा रही है।
विश्लेषकों के अनुसार पहली तिमाही के नतीजों में उत्पादन, डिस्पैच, ई-नीलामी से आय, परिचालन लागत, शुद्ध लाभ और नकदी स्थिति पर विशेष नजर रहेगी। इन परिणामों का असर केवल कोल इंडिया ही नहीं, बल्कि उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों और पूरे कोयला क्षेत्र की बाजार धारणा पर पड़ेगा।
इस बीच, कोल इंडिया की तकनीकी एवं परामर्श इकाई सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) ने शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 54 प्रतिशत बढ़कर 116.3 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि परिचालन से प्राप्त राजस्व 18 प्रतिशत बढ़कर 481.4 करोड़ रुपये हो गया।
बेहतर परिणामों के बाद कंपनी के शेयर में भी करीब सात प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.05 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम लाभांश घोषित किया है।
वहीं, धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) मुख्यालय में आयोजित निदेशक मंडल की 444वीं बैठक में पहली तिमाही की आडिट रिपोर्ट को मंजूरी दी गई। बैठक में उत्पादन, डिस्पैच, सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय स्थिति और विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
खबरें और भी
साथ ही अतिरिक्त मानवबल के बेहतर उपयोग की रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी, ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर परिचालन दक्षता बढ़ाई जा सके।
बीसीसीएल बोर्ड ने अधिकारियों को उत्पादन बढ़ाने, सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने तथा परिचालन क्षमता में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। अब सबकी नजर 27 जुलाई को आने वाले कोल इंडिया के तिमाही नतीजों और अंतरिम लाभांश के फैसले पर टिकी है।