Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Dhanbad Honeytrap Gang की सरगना निकली कांग्रेस नेत्री, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, अन्य की तलाश तेज

    By Khursheed Akram Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Sat, 02 May 2026 01:53 PM (IST)

    Dhanbad Honeytrap Case: धनबाद पुलिस ने व्यवसायी के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग के मामले में एक कांग्रेस नेत्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह ...और पढ़ें

    लोयाबाद थाना की पुलिस की गिरफ्त में कांग्रेस नेत्री।

    लोयाबाद थाना की पुलिस की गिरफ्त में कांग्रेस नेत्री।

    HighLights

    1. धनबाद की कांग्रेस नेत्री हनीट्रैप मामले में गिरफ्तार।

    2. व्यवसायी से अश्लील वीडियो बनाकर की गई थी लूटपाट।

    3. गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फंसाता था।

    संवाद सहयोगी, जागरण, लोयाबाद (धनबाद)। लोयाबाद थाना पुलिस ने धनबाद के सरायढेला निवासी व्यवसायी रविकांत अग्रवाल का अश्लील वीडियो बनाकर लूटपाट करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपित कांग्रेस की महिला नेत्री को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। वारदात में शामिल गिरोह के अन्य सदस्य अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। महिला नेत्री वर्ष 2021 में भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुकी है।

    पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इस तरह के गिरोह चलाने वालों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई व्यवसायी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार लोयाबाद छह नंबर निवासी कांग्रेस नेत्री अपने महिला और पुरुष सहयोगियों के साथ आपराधिक कृत्य को अंजाम दिया। पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाकर लूटपाट करने का मामला दर्ज किया है।

    पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेत्री को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार मिले। अपनी शिकायत में व्यवसायी ने बताया कि एक युवती ने फेसबुक मैसेंजर पर उसे संदेश भेजकर उसका नंबर लिया। इसके बाद युवती ने उसे कांग्रेस नेत्री के घर बुलाया, जहां जबरन शराब पिलाई गई। फिर तीन-चार युवकों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की गई और उसका अश्लील वीडियो बनाया गया।

    वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे ऑनलाइन 33 हजार रुपये एक खाते में ट्रांसफर कराए गए। साथ ही सोने की अंगूठी और चेन छीन ली गई तथा क्रेडिट कार्ड से 1,67,252 रुपये की खरीदारी कर ली गई। इसके बाद ब्लैकमेल करते हुए 10 लाख रुपये की मांग की गई। व्यवसायी घबरा गया और उसने यह बात अपने परिवार को बताई। इसके बाद सभी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

    खबरें और भी

    पुलिस ने किया गिरोह का भंडाफोड़

    व्यवसायी की शिकायत मिलते ही लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके घर से तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। आशंका है कि इनमें अन्य लोगों के साथ की गई ब्लैकमेलिंग से जुड़े अश्लील वीडियो मौजूद हैं।

    यह भी पढ़ें- सावधान! धनबाद में सक्रिय है हनीट्रैप गैंग: व्यवसायी को फंसाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, लाखों की ठगी

    लोक-लाज के कारण कई पीड़ित सामने नहीं आए, जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ता गया। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे मामलों पर लगाम लगने की उम्मीद है। क्षेत्र में लोग पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

    गिरोह कैसे देता था घटना को अंजाम

    लोयाबाद में सक्रिय यह गिरोह पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए लोगों से संपर्क करता था। इसके बाद गिरोह में शामिल युवती मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उन्हें अपने घर बुलाती थी। वहां पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और जबरन अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।