विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में आ गया अत्यंत भीषण चक्रवात ‘अर्णब’, आंध्र से झारखंड तक असर; IMD ने किया अलर्ट

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:12 AM (IST)

Cyclone Arnab आंध्र प्रदेश के तट से टकरा गया है, जिससे वहां तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर जारी है। इसका असर झारखंड पर भी पड़ेगा।

बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’। (सांकेतिक फोटो)

बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चक्रवात अर्णब आंध्र प्रदेश तट से टकराया, भारी बारिश जारी।

  2. झारखंड में 28-29 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक की संभावना।

  3. धनबाद सहित कई जिलों में येलो/ऑरेंज अलर्ट जारी।

जागरण, संवाददाता, धनबाद। Cyclone Arnab बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने लगा है। तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने राज्य में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।

आंध्र प्रदेश में 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्णब आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के दक्षिण में तट पार कर रहा है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान के कारण तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश, जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनी हुई है। कई ट्रेनें और उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।

झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश की संभावना

चक्रवात के प्रभाव से झारखंड में भी मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है। हवा की गति बढ़ने से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

रांची, खूंटी, धनबाद, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम में बुधवार को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट की जानकारी दी गई है। वहीं, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 30 अक्टूबर की सुबह तक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने की सूचना है। 

आंधी, वज्रपात और जलभराव को लेकर सतर्कता जरूरी

बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी जमा होने की आशंका है। तेज हवा से कमजोर ढांचों, अस्थायी घरों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।

ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। चक्रवात का असर कितने समय तक रहेगा और राज्य के किन इलाकों में बारिश की तीव्रता अधिक होगी, यह आगे के मौसम पूर्वानुमान पर निर्भर करेगा।

अधिकतम तापमान मेंं तेजी से गिरावट के आसार

आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने धनबाद सहित पूरे उत्तर पूर्वी भागों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की गतिविधि के कारण अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट आने के आसार हैं।

अगले 24 घंटे के दौरान तीन डिग्री तो उसके अगले 24 घंटे में छह डिग्री तक गिरावट का अनुमान है। 32 डिग्री के आसपास पहुंचा जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री के बीच बना रह सकता है।

मौसम केंद्र रांची के विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवात के बादलों का टुकड़ों में आना शुरू हो गया है। बुधवार से बादल और गहराएंगे। अगले दो-तीन दिन आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है।

धनबाद में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने का अनुमान है। कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। दो नवंबर तक इसका असर राज्य के अलग-अलग भागों में दिख सकता है।

यह भी पढ़ें- 'टाइगर' अभी जिंदा है, बारामुड़ी खटाल नहीं हटेगा... धनबाद सांसद की दहाड़

यह भी पढ़ें- रेलवे टिकट बीमा योजना शुरू: 45 पैसे में 10 लाख का कवर, कैशलेस भुगतान पर लाभ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।