धनबाद-रांची सड़क पर गैस रिसाव का DALSA ने किया दौरा, प्रभावितों को जान बचाने की सलाह
केंदुआ में धनबाद-रांची सड़क पर धंसान और गैस रिसाव से प्रभावित घरों में दरारें बढ़ रही हैं, जिससे लोग रात में बाहर सोने को मजबूर हैं। जिला विधिक सेवा प ...और पढ़ें
-1776492941994_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, धनबाद/केंदुआ। केंदुआ में धनबाद-रांची सड़क पर हुए धंसान का दायरा बढ़ता जा रहा है। सड़क लगातार नीचे दब रही है। वहीं गैस रिसाव भी तेज है। वहीं आसपास के घरों में पड़ रही दरारों का दायरा बढ़ रहा है।
रात में लोग घर के बाहार सोने को विवश हैं। वहीं अभी तक यहां से लोगों को हटाया नहीं जा सका है। इस बीच शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम ने केंदुआ घटना स्थल और प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
प्राधिकार के इस टीम में डालसा सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु, डेप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, डालसा सहायक अरुण कुमार, राजेश सिंह, योगेश कुमार समेत केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय शामिल थे। यह टीम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर यहां पहुंची थी।
टीम ने पहले धंसान और गैस रिसाव क्षेत्र को दिखा। इसके बाद इसकी जद में आए मकानों का निरीक्षण किया। प्रभावित लोगों से बातचीत की। लोगों ने बताया कि वे यहां से हटने को तैयार हैं, लेकिन बेलगड़िया नहीं जाना चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन ओर बीसीसीएल उचित मुआवजा दे वे स्वत: ही यहां से हट जाएंगे।
खबरें और भी
लोगों की बात सुनने के बाद अवर न्यायाधीश मयंक कुमार टोपनो ने कहा कि पहली प्राथमिकता लोगों के जान-माल की सुरक्षा है। उन्होंने लोगों की मांग पर कहा कि सभी प्रभावित डालसा के नाम से एक आवेदन दें और फिर इस मामले पर जिला प्रशासन और बीसीसीएल के साथ वार्ता होगी।
इसके बाद भी दोनों पक्ष लोगों की बातों को नहीं सुनते हैं तो मामले को उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के पास रखा जाएगा। टीम ने क्षेत्र में जनकल्याण के कार्य करने की भी बात कही।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से मास्क व ओआरएस का वितरण करने की भी बात कही। इस दौरान आसपास के इलाकों के जनप्रतिनिधि गोविंद राउत व अन्य भी मौजूद थे।
डालसा टीम के सदस्य सक्रिय
डालसा ने कहा कि प्रभावित लोगों को त्वरित न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित विशेष टीम के सदस्य योगेश्वर नाथ शर्मा, रणधीर भारती, रूपा कुमारी और दीपा कुमारी सहित अन्य सदस्य क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
यह टीम न केवल प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षा उपायों एवं कानूनी सहायता के प्रति भी जागरूक कर रही है। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया भी जारी है।