Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद में पहले होती थी कोयले की चोरी, अब डकैती; गजलीटांड़ कोल डंप से 450 टन कोयला उठा ले गए

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 08:10 PM (IST)

    Coal Heist in Dhanbad: कतरास के आरके कोल माइंस के गजलीटांड़ कोल डंप से हथियारबंद अपराधियों ने सुरक्षाकर्मियों से मारपीट कर 450 टन कोयला लूट लिया। ...और पढ़ें

    बीसीसीएल के डंप से कोयले की डकैती। (एआइ फोटो)

    बीसीसीएल के डंप से कोयले की डकैती। (एआइ फोटो)

    HighLights

    1. कतरास कोल डंप से हथियारबंद अपराधियों ने 450 टन कोयला लूटा।

    2. सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट की, मोबाइल भी छीने।

    3. 45 लाख रुपये के कोयले की चोरी, पुलिस जांच में जुटी।

    संवाद सहयोगी, कतरास (धनबाद)। धनबाद लंबे समय से कोयला चोरी और कोयला माफिया की गतिविधियों के लिए बदनाम रहा है। लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि चोरी की घटनाएं संगठित और दुस्साहसिक वारदातों का रूप लेती नजर आ रही हैं। आरोप है कि हथियारबंद गिरोह बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग परियोजनाओं में घुसकर सैकड़ों टन कोयला जबरन ले जा रहे हैं।

    ताजा मामला गजलीटांड़ कोल डंप से करीब 450 टन कोयला उठाए जाने का है। इन घटनाओं के बीच पुलिस और सीआईएसएफ की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

    कतरास क्षेत्र में संचालित आरके कोल माइंस प्रा. लि. (एएसजीकेसीसी) के गजलीटांड़ कोल डंप में हथियारबंद अपराधियों ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट कर करीब 450 टन कोयले जबरन लूट कर ले जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र के जीएम बीके झा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कर्मियों से पूछताछ की।

    इधर आउटसोर्सिंग कंपनी के अंदर में कार्यरत बिहार सिक्योरिटी सर्विस के संचालक संजय शर्मा ने अंगारपथरा ओपी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। संजय के द्वारा दिए शिकायत के अनुसार, एक जुलाई की रात करीब 11:30 बजे काले रंग की स्कार्पियो से कुछ अज्ञात लोग डंप के मुख्य गेट पर पहुंचे। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से गेट खुलवाने के लिए एक आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

    खबरें और भी

    गेट खुलते ही चार-पांच लोग अंदर घुस आए और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद करीब 15-20 अन्य लोग भी डंप परिसर में प्रवेश कर आए।शिकायत में कहा है कि अपराधियों ने सुरक्षा कर्मियों को एक कंटेनर में बंद कर दिया और हवाई फायरिंग करते हुए मुख्य गेट खोलकर 15 से 20 हाइवा तथा तीन जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 4:30 बजे तक करीब 450 टन कोयला, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये बताई गई है। जिसे उठा ले गए।

    घटना के बाद आरोपियों ने सुरक्षा कर्मियों के मोबाइल फोन वापस कंटेनर में रख दिए। संजय शर्मा ने शिकायत में कहा है कि घटना से पूर्व क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा डंप का वीडियो बनाया गया था तथा सुरक्षा कर्मियों को धमकियां भी दी गई थीं। उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना में उन लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।

    शिकायतकर्ता ने पुलिस से अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूटे गए कोयले की बरामदगी की मांग की है। अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।