दो सगी बहनों से शादी के बाद घरेलू विवाद में मौत... धनबाद में भाजपा नेता का शव मिलने से सनसनी
Dhanbad News: धनबाद में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गोविंदपुर स्थित घर में ...और पढ़ें

अमृत दास की हत्या की सूचना के बाद उनके घर के बाहर जुटी लोगों की भीड़।
संवाद सूत्र, जागरण, गोविंदपुर (धनबाद)। धनबाद जिला अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव शुक्रवार सुबह गोविंदपुर स्थित घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में उनकी पत्नियों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि अमृत दास ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियां सगी बहन हैं। उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मौत से एक दिन पहले भी दोनों के बीच शॉपिंग को लेकर विवाद हुआ, जो काफी बढ़ गया था। इसी विवाद के बाद शुक्रवार एक मई की सुबह घर के भीतर अमृत दास का शव मिला।
पारिवारिक कलह के कारण अमृत दास मानसिक तनाव में थे और हाल के दिनों में भाजपा के कार्यक्रमों में भी नजर नहीं आ रहे थे। जानकारी के अनुसार, वे दूसरी पत्नी को बाजार ले गए थे, जिससे पहली पत्नी नाराज हो गई और घर में विवाद गहरा गया। इसी विवाद के बाद उनकी संदिग्ध मौत हो गई।
गोविंदपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों पत्नियों समेत परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत हत्या, आत्महत्या या अन्य कारण से हुई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।