SIR Alert: धनबाद में 18 और 20 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ रहेंगे उपस्थित, मतदाता सूची सुधार का विशेष अवसर
धनबाद के सभी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को बीएलओ मौजूद रहेंगे, जहां मतदाता गणना प्रपत्र प्राप्त कर भर सकेंगे और जमा भी कर सकेंगे। ...और पढ़ें

SIR को लेकर 18 और 19 जुलाई को मतदान केंद्रों पर चलेगा विशेष अभियान। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए धनबाद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को बीएलओ मौजूद रहेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी बीएलओ को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
इन दोनों दिनों में मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फार्म) प्राप्त कर सकेंगे, उसे भरकर वहीं जमा भी कर सकेंगे। जिन मतदाताओं के पास अब तक प्रपत्र नहीं पहुंचा है, उन्हें भी फार्म उपलब्ध कराया जाएगा। उप निर्वाचन अधिकारी कालिदास मुंडा ने बताया कि मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान की सुविधा भी इन विशेष कैंपों में मिलेगी।
बीएलओ के अलावा बीएलओ सुपरवाइजर, हेल्पडेस्क मैनेजर और स्वयंसेवक भी मौजूद रहेंगे, जो फार्म भरने और जमा करने में सहायता करेंगे। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक मतदाताओं से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में लगभग 96 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फार्म पहुंचाया जा चुका है, जबकि शेष चार प्रतिशत मतदाताओं तक फार्म पहुंचाने के लिए विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में यह व्यवस्था की गई है।