Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोयला उठाव को लेकर धनबाद मेयर संजीव सिंह और कांग्रेस नेता हर्ष सिंह के समर्थकों में टकराव, दोनों ओर से FIR

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 09:02 PM (IST)

    BCCL: धनबाद की गोपालीचक कोलियरी में कोयला उठाव को लेकर मेयर संजीव सिंह और कांग्रेस नेता हर्ष सिंह के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया है। ...और पढ़ें

    बीसीसीएल की गोपालीचक परियोजना। (फाइल फोटो)

    बीसीसीएल की गोपालीचक परियोजना। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. गोपालीचक कोलियरी में कोयला उठाव को लेकर विवाद।

    2. मेयर संजीव सिंह और कांग्रेस नेता हर्ष सिंह के समर्थक भिड़े।

    3. दोनों पक्षों ने पुटकी थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी।

    संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। बीसीसीएल की गोपालीचक कोलियरी में डीओ के तहत कोयला उठाव को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। एक तरफ एमएनएसआर (सिंह नेचुरल) कंपनी है, तो दूसरी तरफ रागिनी मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड (आरएमपीएल)।

    कहा जाता है कि सिंह नेचुरल के पीछे कांग्रेस नेता हर्ष सिंह का हाथ है, जबकि रागिनी मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड के पीछे धनबाद के मेयर संजीव सिंह का। कोयला लोडिंग को लेकर वर्चस्व की लड़ाई थाने तक पहुंच गई है। दोनों पक्षों की ओर से पुटकी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    गोपालीचक कोलियरी में डीओ के तहत कोयला लोडिंग को लेकर चल रहे विवाद में शनिवार को दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुटकी थाना में मामला दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    एमएनएसआर (सिंह नेचुरल) कंपनी में कार्यरत लोयाबाद थाना क्षेत्र के सेंद्रा बांसजोड़ा निवासी संतोष कुमार ने पुटकी थाना में दिए आवेदन में कहा है कि वह सिंह नेचुरल में सुपरवाइजर हैं। उनकी कंपनी केवल कोयला उत्पादन का कार्य करती है, जबकि कोयले की बिक्री बीसीसीएल द्वारा की जाती है।

    आठ जून को रागिनी मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड के मुकेश पासवान, प्रदीप कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र दुसाध एवं अन्य लोग डीओ का कोयला लोड कराने पहुंचे। कंपनी द्वारा लोडिंग कराने में असमर्थता जताने पर गाली-गलौज की गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुकेश पासवान ने रिवाल्वर कनपटी पर सटाकर 12 हजार रुपये ले लिये तथा प्रतिमाह 1.50 लाख रुपये रंगदारी देने की धमकी दी।

    खबरें और भी

    आरोपितों ने संबंधित डीओ को धनबाद के मेयर संजीव सिंह का बताते हुए तत्काल कोयला लोड करने का दबाव बनाया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

    मालूम हो कि आठ जुलाई को रागिनी मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड (आरएमपीएल) में कार्यरत लोयाबाद निवासी मुकेश कुमार पासवान ने भी पुटकी थाना में आवेदन देकर गोपालीचक कोलियरी में डीओ के तहत कोयला लोडिंग नहीं होने, प्रति टन दो हजार रुपये रंगदारी मांगने, गाली-गलौज, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने तथा मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया था।

    इस मामले में पुलिस ने एमएनएसआर कंपनी से जुड़े कुश सिंह, आदर्श सिंह, श्रीराम पांडेय, संतोष सिंह तथा गोपालीचक कोलियरी के पीओ नंदेश्वर राय को नामजद आरोपित बनाते हुए मामला दर्ज की थी।

    पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि दोनों पक्षों से मारपीट, गाली-गलौज, रंगदारी मांगने एवं धमकी देने संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।