Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद नगर निगम के सभी अंचलों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र, एक ही स्थान पर मिलेंगी आवश्यक सेवाएं

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 06:13 PM (GMT+05:30)

    Dhanbad Municipal Corporation की स्थायी समिति ने सभी अंचल कार्यालयों में आधार सेवा केंद्र खोलने का प्रस्ताव पारित किया है। ...और पढ़ें

    नगर आयुक्त आशीष गंगवार, मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरूण चाैहान। (फोटोः जागरण)

    नगर आयुक्त आशीष गंगवार, मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरूण चाैहान। (फोटोः जागरण)

    जागरण संवाददाता, धनबाद।  धनबाद नगर निगम के सभी अंचल कार्यालयों में एक-एक आधार सेवा केंद्र जल्द ही खुल सकता है। साथ ही प्रत्येक केंद्र में फाइल जोड़ने (फाइल एड) की सुविधा भी होगी। इस बाबत धनबाद नगर निगम की स्थायी समिति ने प्रस्ताव पारित किया है। 

    पूर्व के निर्णयों के अनुपालन की हुई समीक्षा 

    धनबाद नगर निगम की स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) की सोमवार को हुई बैठक में निगम के प्रशासनिक कामकाज, राजस्व संग्रह, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

    एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी आवश्यक सेवाएं 

    बैठक में वार्ड पार्षदों के मानदेय निर्धारण का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा मेयर, उपमहापौर तथा कंप्यूटर आपरेटर के वेतन निर्धारण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। निगम के सभी अंचल कार्यालयों में एक-एक आधार सेवा केंद्र खोलने तथा प्रत्येक केंद्र में फाइल जोड़ने (फाइल एड) की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं मिल सकें।

    राजस्व संग्रह को प्रभावी बनाने पर जोर 

    स्थायी समिति ने निगम के राजस्व संग्रह को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा सवाल उठाया गया कि यदि होल्डिंग टैक्स या कर वसूली के लिए पहले ही एजेंसी श्री पब्लिकेशन को एग्रीमेंट दिया गया है तो राजस्व निरीक्षकों की आवश्यकता क्या होगी। इस विषय पर विस्तृत समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।

    खबरें और भी

    बैठक में यह भी पूछा गया कि पूर्व में हुई बैठकों के निर्णयों का अब तक अनुपालन क्यों नहीं हुआ। मेयर ने सभी अंचल कार्यालयों में सहायक नगर आयुक्त की नियमित उपस्थिति को सुनिश्चित करने का मामला प्रमुखता से उठाया। साथ ही सभी अंचलों में नगर प्रबंधकों की प्रतिनियुक्ति अथवा कार्यालय आदेश जारी करने जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई।

    साथ ही स्थायी समिति के सदस्यों के लिए निगम कार्यालय में बैठने हेतु आवश्यकतानुसार एक-एक कक्ष आवंटित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। निगम कार्यालय द्वारा निर्गत पत्रों की जानकारी महापौर एवं उपमहापौर को उपलब्ध कराने, सभी स्थायी समिति सदस्यों को प्रत्येक पत्र की प्रति देने तथा भविष्य में कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

    बैठक में यह भी कहा गया कि यदि पूर्व में लिए गए निर्णयों का पालन नहीं किया गया है तो इसके कारणों से समिति को अवगत कराया जाए और संबंधित अधिकारियों की सेवा पुस्तिका में इसकी टिप्पणी दर्ज करने पर भी विचार किया जाए।

    इसके अलावा राजस्व, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, जलापूर्ति, साफ-सफाई, विद्युत एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी के लिए सात अलग-अलग समितियों का गठन किया गया।

    जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत का कार्य संतोषजनक नहीं 

    इन समितियों की समय-समय पर समीक्षा महापौर एवं उपमहापौर की अध्यक्षता में की जाएगी। बैठक में जन्म मृत्यु की बहुत खराब स्थिति को लेकर सभी कंप्यूटर आपरेटर को जन्म मृत्यु के कार्य से हटाकर कार्यालय के अन्य शाखा में काम देने पर सहमित बनी।

    बैठक में महापौर संजीव सिंह, उप महापौर अरूण चाैहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत निगम के अन्य अधिकारी व स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।