Dhanbad Gas Leak Incident: मृतकों की संख्या चार हुई, क्षेत्र में दहशत; पुलिस जांच जारी
Munidih CPP Gas Leak: धनबाद के मुनीडीह स्थित बंद पड़े बीसीसीएल के कैप्टिव पावर प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव से मरने वाले लोहा चोरों की संख्या बढ़कर चा ...और पढ़ें

बीसीसीएल का बंद पड़ा कैप्टिव पावर प्लांट।
HighLights
बंद पड़े सीपीपी में क्लोरीन गैस रिसाव से मौतें।
लोहा चोरों द्वारा टंकी पाइप काटने से हुई घटना।
पुलिस ने छह नामजद सहित अज्ञात पर मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, जागरण, लोयाबाद /पुटकी (धनबाद)। धनबाद के मुनीडीह ओपी क्षेत्र में बंद पड़े बीसीसीएल के कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) में क्लोरीन गैस रिसाव से मरने वाले लोहा चोरों की संख्या चार हो गई है। सोमवार की सुबह एक और शव बरामद किया गया। शव की पहचान केंदुआडीह राजपूत निवासी खलील अंसारी के पुत्र 35 वर्षीय वसीम अंसारी के रूप में हुई है।
मालमू हो कि बंद पड़े सीपीपी में लोहा काटने के लिए शनिवार की रात करीब 15 लोग घुसे थे। इसी दाैरान चोरों ने क्लोरीन टंकी की पाइप काटी। इसके बाद गैस का रिसाव हुआ और अफरातफरी मच गई। कई चोर बेहोश हो गिर पड़े। इस जहरीली गैस की चपेट में घटनास्थल से कुछ दूर पर ड्यूटी कर रहे सीआइएसएफ के तीन जवान और एक बीसीसीएल कर्मचारी भी आ गए। चारों बेहोश हो गए।
सोमवार सुबह प्लांट से थोड़ी दूर जंगल में वसीम अंसारी का शव बरामद हुआ। माना जा रहा हैकि शनिवार रात हुए गैस रिसाव की चपेट में आ गया था और किसी तरह घटनास्थल से निकलकर जंगल की भागा होगा, जहां उसकी मौत हो गई।
मालूम हो कि शनिवार की देर रात बंद पड़े प्लांट में अवैध रूप से लोहा काटने के दौरान जहरीली गैस से भरी टंकी में रिसाव हो गया था। इस घटना में पहले ही तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। घायलों का इलाज एसएनएमएमसीएच धनबाद में चल रहा है। प्रबंधन द्वारा इस संबंध में पुलिस से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
खबरें और भी
इधर मुनीडीह ओपी की पुलिस ने इस मामले में रविवार को स्वतः संज्ञान लेते हुए छह नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से अब तक किसी गैस रिसाव की आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
हालांकि सूत्रों के अनुसार फिलहाल प्लांट क्षेत्र में गैस रिसाव नहीं हो रहा है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। केंदुआ क्षेत्र से कुछ युवकों के अब भी लापता होने की चर्चा बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Dhanbad Chlorine Gas Leak Incident: पाइप काटते ही मौत! मुनीडीह सीपीपी में क्लोरीन गैस रिसाव से तीन चोरों की जान गई
प्रबंधन और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्लांट की कई जगहों पर टूटी चहारदीवारी और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर भी सवाल उठने लगा है।