Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद में शक की आग में पिता बना हैवान, 2 महीने के मासूम बेटे की ले ली जान

    Updated: Sat, 07 Feb 2026 10:48 PM (IST)

    धनबाद के लोदना में एक पिता ने शक के चलते अपने दो माह के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। मां मुस्कान कुमारी ने आरोप लगाया कि पति चंचल कुमार बच्चे को अपन ...और पढ़ें

    घटना के बाद लोदना ओपी परिसर में रोती मृतक बच्चे की मां व अन्य। (जागरण)

    घटना के बाद लोदना ओपी परिसर में रोती मृतक बच्चे की मां व अन्य। (जागरण)

    HighLights

    1. पिता ने शक के चलते दो माह के बेटे की हत्या की।

    2. मां ने पति चंचल पर मासूम की हत्या का आरोप लगाया।

    3. पुलिस ने आरोपी पति, ससुर और भसुर को हिरासत में लिया।

    संवाद सहयोगी, लोदना। रिश्तों के कत्ल और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक पिता ने शक की आग में जलते हुए गुरुवार की रात अपने ही दो माह के कलेजे के टुकड़े की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी।

    घटना लोदना ओपी क्षेत्र की है। जहां 20 वर्षीय मां मुस्कान कुमारी की गोद उसके ही पति ने सुनी कर दी। आरोपी पति को शक था कि बच्चा उसका नहीं है और इसी सनक ने उसे हैवान बना दिया।

    विवाह के बाद से ही शुरू हुआ जुल्मों का सिलसिला 

    बिहार के अरवल जिला अंतर्गत नयनसुखबीघा की रहने वाली मुस्कान का विवाह 24 फरवरी 2025 को लोदना मधुबन 40 धौड़ा मुखिया मोहल्ला के चंचल कुमार के साथ हुआ था। मुस्कान ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही खुशियां काफूर हो गईं और चंचल उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

    विवाद की मुख्य जड़ चंचल का शक्की मिजाज था जो मुस्कान के चरित्र पर लगातार कीचड़ उछालता था। जुल्म की इंतहा तब हुई जब मुस्कान गर्भवती हुई। चंचल ने गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना मानने से साफ इनकार कर दिया और लगातार मुस्कान को धमकी देता रहा।

    9 दिसंबर 2025 को मुस्कान ने अपने मायके में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। उसे उम्मीद थी कि बच्चे की सूरत देखकर शायद चंचल का बदल जाएगा। लेकिन नफरत की दीवार और ऊंची हो गई। चंचल अक्सर दोहराता था कि यह मेरा बच्चा नहीं है मैं इसे मार डालूंगा।

    खबरें और भी

    भोर में बुझा दिया घर का चिराग

    2 फरवरी को चंचल जबरन मुस्कान और बच्चे को उसके मायके से लोदना ले आया। घर आते ही मुस्कान पर पाबंदियां लगा दी। मायके वालों से बात करने पर मारपीट व गाली-गलौज करने लगता।

    गुरुवार की रात मुस्कान अपने मायके वालों से बात कर रही थी तभी पति चंचल गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर चंचल ने मुस्कान के साथ मारपीट की। मुस्कान ने ससुर संजय राम और भसुर सौरव से गुहार लगाई। लेकिन उन्होंने मदद के बजाय मुस्कान को ही दोषी ठहराया।

    मुस्कान ने बताया कि उसके बाद रात में अपने बच्चे को तेल लगाने के बाद दूध पिला कर सुला दी। पति भी उसी कमरे में सोया था। सुबह करीब छह बजे जब नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चे के नाक से खून व मुंह से झाग निकल रहा था। पति उसी कमरे में बैठा था।

    आनन-फानन में बच्चे को घर के अन्य लोगों के सहयोग से झरिया के एक नर्सिंग होम ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे उचित इलाज के धनबाद भेज दिया। धनबाद एक अस्पताल ले जाने के पर वहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

    मुस्कान का आरोप है कि उसके पति ने ही गला दबाकर या अन्य तरीके से बच्चे की जान ली है। कहा कि मेरे पति ने शुरू से ही मेरे चरित्र पर लांछन लगाया। वह मेरे बच्चे को मारना चाहता था और उसने वही किया। मुझे और मेरे मृत पुत्र को न्याय चाहिए।

    थाना प्रभारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना की जानकारी पाकर मुस्कान के मायके से उसके पिता संतोष राम, मां रीना देवी, चाचा व अन्य स्वजन लोदना पहुंचे। मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है।

    मुस्कान की मां रीना ने बताया कि मेरी सिर्फ दो पुत्री है। बच्चे के जन्म के बाद से घर में उत्सव का माहौल था। अब सब सूना हो गया। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसर गया। घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

    पुलिस हिरासत में पति, ससुर, सास व भसुर

    मुस्कान की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति चंचल कुमार, ससुर संजय राम और भसुर सौरव राम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

    इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ताकि मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सके।

    पीड़िता के शिकायत पर उसके पति व अन्य को हिरासत में लिया गया है। बच्चें के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    -

    गौरव कुमार, ओपी प्रभारी, लोदना ओपी।