धनबाद में धनतेरस पर रईसी का जलवा, ढाई करोड़ की कार और शाही लड्डू ने बढ़ाई रौनक
Dhanteras 2026: धनतेरस पर धनबाद का बाजार करोड़ों की लग्जरी कारों, लाखों के गहनों और सुपरबाइक्स की बुकिंग से जगमगा ...और पढ़ें

धनबाद के हीरापुर में धनतेरस पर खरीदारी करती युवती। (फोटो अमित सिन्हा)
HighLights
ढाई करोड़ की टोयोटा लैंड क्रूजर की डिलीवरी।
18 लाख का विशिष्ट तनिष्क नेकलेस सेट बिका।
1550 रुपये प्रति किलो का 'रोज लड्डू' आकर्षण।
रवि चौरसिया, धनबाद। Dhanbad Dhanteras Markrt 2026: धनतेरस पर धनबाद का बाजार इस बार रईसी की चमक से जगमगाने को तैयार है। कहीं करोड़ों की लग्जरी कार का जलवा है तो कहीं लाखों के नेकलेस और सुपरबाइक का क्रेज।
2.5 करोड़ रुपये की लैंड क्रूजर, 18 लाख का नेकलेस और 5.40 लाख की सुपरबाइक की बुकिंग ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है। इतना ही नहीं, 1550 किलो का विशाल 'रोज लड्डू' भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। साफ है कि इस धनतेरस धनबाद के बाजार में सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि धन और शौक का भी बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है।
इस धनतेरस कोयलांचल की सड़कों से लेकर सर्राफा और मिष्ठान बाजार तक सिर्फ और सिर्फ बेहिसाब पैसों और लग्जरी की ही गूंज है। 2.5 करोड़ की सुपर लग्जरी कार, 18 लाख का ब्रांडेड सोने का सेट, 5.40 लाख की सुपरबाइक और 1,550 रुपये प्रति किलो का 'शाही लड्डू'' ने इस बार धनतेरस की चमक ने साबित कर दिया है कि कोयलांचल में धन की कोई कमी नहीं है!
धनतेरस पर सबसे चर्चित डिलीवरी गोविंदपुर स्थित टोयोटा शोरूम से होने जा रही है। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक घराने ने दुनिया की सबसे सुरक्षित और लग्जरी गाड़ियों में शुमार 'टोयोटा लैंड क्रूजर 300' बुक कराई है, जिसकी आन-रोड कीमत, टैक्स और एक्सेसरीज मिलाकर लगभग 2.5 करोड़ रुपये (ढाई करोड़) बैठती है।
3.3 लीटर के पावरफुल वी 6 इंजन, 4 डब्लू डी ड्राइव सिस्टम और मल्टी-टेररिन मानिटर से लैस इस भव्य गाड़ी की चाबी आज जैसे ही मालिक के हाथ में सौंपी जाएगी, यह शहर के इतिहास की सबसे महंगी डिलीवर होने वाली कार बन जाएगी।
दूसरी ओर, शहर का सर्राफा बाजार में तनिष्क शोरूम से आज 18 लाख रुपये की कीमत वाले एक बेहद खास और विशिष्ट नेकलेस-इयररिंग सेट की डिलीवरी होने जा रही है।
कास्मिक कार्नर (चांद-सितारों) और मां दुर्गा के स्वरूप पर आधारित तनिष्क के 'अभ्यात्रा' कलेक्शन के इस 22 कैरेट गोल्ड सेट को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के आसनसोल निवासी एक बड़े बिजनेसमैन ने खरीदा है।
वहीं रफ्तार के शौकीन युवाओं के लिए जीटी रोड स्थित ''थंडर मोटर्स'' (रायल एनफील्ड शोरूम) ने भी नया कीर्तिमान रचा है। शोरूम से जिले की सबसे महंगी बाइक 'सुपर मीटियोर सेलेस्टियल ब्लू' (650 सीसी) की डिलीवरी स्थानीय निवासी को दी जा रही है।
आन-टेबल फिटिंग्स और एक्सेसरीज के साथ इस लग्जरी क्रूजर बाइक की कुल कीमत 5 लाख 40 हजार रुपये है जो अपनी गर्जना से सड़कों पर हर किसी का ध्यान खींचेगी।
यही नहीं जमीन से लेकर शोरूम तक मची इस खलबली के बीच धनबाद के मिष्ठान बाजार ने भी इस बार तहलका मचा दिया है। बरटांड स्थित प्रसिद्ध 'मधुलिका स्वीट्स' में ताजे गुलाब की पंखुड़ियों और काजू के मिश्रण से तैयार 'रोज लड्डू' शहर की सबसे बड़ी सनसनी बन चुका है।
संचालक जयप्रकाश चौरसिया के अनुसार 1,550 रुपये प्रति किलो की भारी-भरकम कीमत वाला यह लड्डू आम खरीदारों की पहुंच से काफी दूर है लेकिन शहर के रईसों और चुनिंदा वीआईपी ग्राहकों के बीच इसका जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। इसके अलावा 1,680 रुपये किलो का पिस्ता रोल और 2,200 रुपये के स्पेशल ड्राई फ्रूट्स पैक भी धड़ाधड़ बिक रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।