धनबाद के किडनी केयर अस्पताल में मरीज के स्वजन से मारपीट, दोनों ओर से FIR
धनबाद के धैया स्थित किडनी केयर अस्पताल में डॉक्टर और एक दिवंगत मरीज के परिजनों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

डा. मिहिर किडनी केयर अस्पताल। (फाइल फोटो)
HighLights
किडनी केयर अस्पताल, धनबाद में मारपीट की घटना।
डॉक्टर और दिवंगत मरीज के परिजनों के बीच विवाद।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धैया स्थित किडनी केयर अस्पताल में डाक्टर और एक दिवंगत मरीज के परिजनों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने गुरुवार को धनबाद थाना में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बारामुड़ी विशुनपुर निवासी रामानुज कुमार पांडेय ने दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनके पिता की चार माह पूर्व अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई थी। 29 जुलाई की रात वह अपने भाई प्रताप कुमार पांडेय के साथ अस्पताल के सामने से गुजर रहे थे।
इसी दौरान पिता की मौत का जिक्र करने पर डा. मिहिर कुमार, उनकी पत्नी, चालक प्रदीप, सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में उनका सिर फट गया, जबकि उनके भाई बेहोश हो गए। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुरक्षाकर्मियों ने उनकी जेब से 22 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठियां छीन ली।
पुलिस गश्ती दल के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों की जान बची। वहीं दूसरी ओर, धैया हवेली अपार्टमेंट निवासी डा. मिहिर कुमार की पत्नी राखी झा ने दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 29 जुलाई की रात करीब 9:40 बजे रामानुज कुमार पांडेय और प्रताप कुमार पांडेय दुर्भावनावश अस्पताल परिसर में घुस आए।
खबरें और भी
दोनों ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा अस्पताल में रखी कुर्सियां और टेबल तोड़कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि सूचना मिलने पर धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को अपने साथ थाना ले गई।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।