Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद में कानूनी जागरूकता का महाअभियान, 90 दिन तक चलेगा कार्यक्रम

    By Ajay Kumar Bhatt Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Sun, 03 May 2026 11:41 PM (IST)

    झारखंड राज्य विधिक प्राधिकरण के निर्देश पर धनबाद में 90 दिवसीय कानूनी साक्षरता और जागरूकता कार्यक्रम शुरू हुआ। न्यायाधीशों ने प्रभात फेरी निकालकर इसका ...और पढ़ें

    धनबाद में 90 दिन का लीगल अवेयरनेस अभियान के दाैरान प्रभात फेरी।

    धनबाद में 90 दिन का लीगल अवेयरनेस अभियान के दाैरान प्रभात फेरी।

    जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड राज्य विधिक प्राधिकरण के निर्देश पर लोगों में कानूनी साक्षरता और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 90 दिवसीय व्यापक आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को प्रभात फेरी निकालकर किया गया।

    प्रभात फेरी प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा दुर्गेश चंद्र अवस्थी के नेतृत्व में सिविल कोर्ट, धनबाद से निकलकर रणधीर वर्मा चौक तक गई, जिसके बाद प्रभात फेरी वहां से वापस सिविल कोर्ट आई।

    इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि 90 दिनों तक न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम हर क्षेत्र में जाकर कानूनी जागरूकता फैलाएगी।

    उन्होंने बताया कि नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, डायन-बिसाही मामले को लेकर हेल्पलाइन नंबर 181 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के विषय में लोगों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन हेल्पलाइन नंबरों पर एक बार जरूर कॉल करें और जानने का प्रयास करें कि यह काम करता है या नहीं।

    वहीं, कार्यक्रम के विषय में जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि इस 90 दिनों के कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम, एनजीओ, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी शामिल हैं, डोर-टू-डोर जाकर लोगों को कानून व विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी देंगे।

    साथ ही विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद, निबंध, पेंटिंग, भाषण, प्रभात फेरी आदि का आयोजन किया जाएगा। बाल विवाह, साइबर ठगी, ड्रग्स, डायन-बिसाही, बाल मजदूरी आदि के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

    महिला, दिव्यांगजन, एसटी-एससी, वृद्धजन आदि की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पीएलवी एक-दूसरे के सहयोग से कार्य को पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा।

    इस मौके पर अपर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय ए. मोईज, जिला एवं सत्र न्यायाधीश पारस कुमार सिन्हा, प्रफुल्ल कुमार, कुमार साकेत, श्री बिकेश, अवर न्यायाधीश निर्मला बारला, समा रोशनी कुल्लू, परमानंद उपाध्याय, संतोषिनी मुर्मु, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी अभिजीत पांडे, रेलवे के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ऋषि कुमार, शिवानी शर्मा, अर्पिता नारायण समेत तमाम न्यायिक पदाधिकारी, एलएडीसीएस चीफ कुमार विमलेंदु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, सहायक काउंसिल नीरज गोयल, शैलेन्द्र झा, सुमन पाठक, कन्हैया लाल ठाकुर, डालसा सहायक अरुण कुमार, सौरव सरकार, राजेश सिंह, एनसीसी की पांचवीं वाहिनी टीम, मीडिएटर अधिवक्ता की टीम, पारा लीगल वॉलंटियर समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।