धनबाद के कतरास में 20 फीट धंसी जमीन, 10 घर जमींदोज; घर में फंसे 8 लोग सीढ़ी के सहारे निकाले गए
धनबाद के कतरास में भारी ब्लास्टिंग के कारण 20 फीट जमीन धंस गई, जिससे 10 घर जमींदोज हो गए और 8 लोग फंस गए। ...और पढ़ें

भू-धंसान के कारण छाताबाद में ध्वस्त हुए घर। (फोटो जागरण)
HighLights
कतरास में 20 फीट जमीन धंसने से 10 घर गिरे।
भारी ब्लास्टिंग को भू-धंसान का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने फंसे 8 सदस्यों को सीढ़ी से सुरक्षित निकाला।
संवाद सहयोगी, कतरास (धनबाद)। धनबाद कोयलांचल में भू-धंसान की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। कतरास क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक बार फिर भयावह भू-धंसान की घटना हुई। घटना का कारण आउटसोर्सिंग कंपनी में हैवी ब्लास्टिंग बताया जा रहा है।
घर के अंदर आठ सदस्य फंस गए
अचानक करीब 20 फीट जमीन धंस जाने से करीब 10 घर जमींदोज हो गए। घटना के समय कई लोग घरों में मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भू-धंसान में मोहम्मद सज्जाद के परिवार के आठ सदस्य घर के अंदर फंस गए थे।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सीढ़ी के सहारे सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में हुस्ना बानो घायल हो गईं। वह घर में सो रही थीं, तभी दीवार उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना से मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद नईम, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद कलाम, मोहम्मद इमामुल, सगीर खान, सबुल खान और मोहम्मद हसनैन खान सहित कई परिवार प्रभावित हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब चार बजे अचानक जोरदार आवाज के साथ भू-धंसान शुरू हो गई। जमीन में कंपन होने लगा। अचानक भू-धंसान होने से लोग अपने घरों से निकलकर भागने लगे।
बीसीसीएल चला रहा राहत और बचाव अभियान
स्थानीय लोगों का कहना है कि बगल में न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी में हैवी ब्लास्टिंग के कारण यह घटना हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन एवं स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
खबरें और भी
पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई जारी है। आसपास के घरों से सामान निकालने का काम भी शुरू कर दिया गया है। घटनास्थल पर कतरास, बाघमारा, बरोरा, सोनारडीह, धर्माबांध, मधुबन, महुदा, अंगारपथरा, खरखरी, राजगंज, रामकनाली सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
फिलहाल पार्षद मो. शहाबुद्दीन और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मासूम खान ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ग्रामीणों से बात कर रही है, ताकि प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजा एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा सके।