LPG e-KYC की डेडलाइन नजदीक, नहीं कराया तो ठंडा हो सकता है चूल्हा; घर बैठे ऐसे करें KYC
LPG e-KYCः धनबाद के एलपीजी उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है, अन्यथा गैस बुकिंग में बाधा आ सकती है। ...और पढ़ें

15 अगस्त तक e-KYC नहीं कराया तो रुक सकती है गैस की सप्लाई। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
15 अगस्त तक बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है।
केवाईसी न होने पर गैस बुकिंग में आएगी गंभीर बाधा।
इंडियन ऑयल वन ऐप या एजेंसी से करें ई-केवाईसी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद जिले के घरेलू रसोई गैस उपभोक्ता अगर समय रहते सतर्क नहीं हुए, तो आने वाले दिनों में उनके घर का चूल्हा ठंडा पड़ सकता है। केंद्र सरकार की नई गाइडलाइन के तहत सभी पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया है।
इसी सिलसिले में सोमवार को धनबाद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक हर हाल में केवाईसी कराने की अपील की।
गैस वितरक शांतनू चंद्रा ने बताया कि जिले के आधे से अधिक ग्राहकों ने सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली है लेकिन एक बड़ी आबादी अब भी बाकी है। उन्होंने आगाह किया कि 15 अगस्त की अंतिम तिथि बीतने के बाद बिना केवाईसी वाले उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग में गंभीर तकनीकी बाधाएं आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद फर्जी कनेक्शनों को छांटना और पारदर्शी सब्सिडी वितरण सुनिश्चित करना है। इस प्रक्रिया के लिए एजेंसियों ने ग्राहकों की सहूलियत के लिए कई इंतजाम किए हैं। उपभोक्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से ऑनलाइन केवाईसी कर सकते हैं या फिर नजदीकी गैस एजेंसी जाकर अंगूठे के निशान से बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं।
इसके अलावा कंपनियों के प्रतिनिधि घर-घर जाकर भी सत्यापन कर रहे हैं। जो ग्राहक शहर से बाहर हैं, वे भी ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर समय पर प्रक्रिया पूरी कर लें। प्रेस वार्ता में राधेश्याम, देवशरण महतो, रौशन सिन्हा और दिलीप शर्मा सहित कई वितरक मौजूद थे।
खबरें और भी
स्मार्टफोन से घर बैठे ऐसे करें ई केवाईसी
इंडेन एलपीजी उपभोक्ता अब घर बैठे स्मार्टफोन से बिल्कुल नि:शुल्क बायोमेट्रिक e-KYC कर सकते हैं। इसके लिए अपने मोबाइल में इंडियन ऑयल वन ऐप और आधार फेस आरडी ऐप डाउनलोड करें।
ऐप में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए चेहरे का स्कैन कर प्रक्रिया पूरी करें। या उपभोक्ता चाहें तो https://www.pmuy.gov.in/e-kyc.html पर जाकर या डिलीवरी कर्मी/वितरक से संपर्क कर भी बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं।