कोयलांचल पर मानसून मेहरबान, भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट; धान रोपाई ने पकड़ी रफ्तार
Jharkhand Weather Update: धनबाद में मानसून सक्रिय है, जून-जुलाई में 399.7 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 22% कम है। ...और पढ़ें

धनबाद में लगातार बारिश से माैसम हुआ सुहाना। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
जून-जुलाई में 399.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
2 अगस्त को भारी बारिश, आंधी, वज्रपात का येलो अलर्ट।
मानसून की गतिविधियां 4 अगस्त तक जारी रहने का अनुमान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Weather Update: जुलाई के दूसरे पखवाड़े से रफ्तार पकड़े मानसून का दौर अब भी जारी है। हर दिन कभी तेज तो कभी छिटपुट वर्षा हो रही है। मानसून की कमजोर शुरुआत के कारण पूरे जून में जिले में मात्र 74.1 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।
जून-जुलाई के 59 दिनों में यह आंकड़ा 399.7 मिलीमीटर पहुंच गया है। इस अवधि की सामान्य वर्षा 510.3 मिलीमीटर की तुलना में 22 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस माह के 29 दिनों में 325 मिलीमीटर वर्षा का रिकार्ड दर्ज किया गया है।
अगले दो दिनों में यह आंकड़ा और आगे जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने चार अगस्त तक बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान दो अगस्त को उत्तर पूर्वी भागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज आंधी चलने की संभावना है। वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।
धनबाद समेत आसपास के जिलों बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
खबरें और भी
बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में पर्याप्त नमी आने से खेती-बाड़ी का काम आसान हो गया है और धान की रोपाई ने भी रफ्तार पकड़ ली है। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही, तो खरीफ फसलों के लिए यह काफी लाभदायक साबित होगी।