धनबाद में कीचड़ के छींटे पर भड़की पुरानी दुश्मनी: थाने में भिड़े दोनों गुट, जमकर चले लाठी-डंडे; 2 लोग घायल
धनबाद के जोड़ापोखर में कीचड़ के छींटे पर शुरू हुआ मामूली विवाद दो दबंग गुटों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हुए। ...और पढ़ें
-1782307052131_m.webp)
घायल सलमान खान
HighLights
कीचड़ के छींटे को लेकर दो गुटों में झड़प।
पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष में बदला विवाद।
पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
संवाद सहयोगी, अलकडीहा (धनबाद)। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के पहला नंबर बस्ती में सोमवार की देर शाम कीचड़ के छींटे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो दबंग गुटों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया।
वर्षों पुरानी रंजिश काे लेकर बेलाल खान और लड्डन खान समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार चलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। जबकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग तक करना पड़ा।
लोगों ने बताया कि बारिश के बाद बेलाल खान के रिश्तेदार सलमान खान के घर से उसका मित्र हरप्रीत सिंह बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान कीचड़ युक्त रास्ते से गुजरने के क्रम में उसकी बाइक लड्डन समर्थक जुबैर अंसारी के करीब से निकली। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर सलमान खान और उसके चाचा पप्पू खान मौके पर पहुंच गए। जुबैर अंसारी के समर्थन में लड्डन खान, फिरोज अंसारी सहित अन्य लोग भी जुट गए। देखते ही देखते दूसरे पक्ष के बेलाल खान के आधा दर्जन स्वजन भी घटना स्थल पहुंच गए। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। जिससे क्षेत्र में तनाव और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही गश्त कर रहे जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन उग्र भीड़ के आगे शुरुआती प्रयास नाकाम रही। इसके बाद थानेदार ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। जिसके सहयोग से स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाना लेकर पहुंची। लेकिन वहां भी विवाद थमा नहीं।
खबरें और भी
थाना परिसर में ही दोनों गुट एक-दूसरे से भिड़ गए। जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की। मारपीट में सलमान खान गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। हरप्रीत सिंह भी घायल हुआ है। वहीं दूसरे पक्ष के लड्डन खान, फिरोज अंसारी और अनीस खान घायल हुए हैं। सभी का इलाज कराया गया है।
हरप्रीत सिंह ने आवेदन देते हुए आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी पगड़ी उछाली गई और दाढ़ी खींची गई। उसने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि दूसरे पक्ष की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने कहा कि पहला नंबर बस्ती में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।