धनबाद नगर निगम बोर्ड बैठक: 141 करोड़ से बदलेगी शहर की सूरत, 15 अगस्त के बाद खत्म होगी क्विक रिस्पांस टीम
Dhanbad Municipal Corp बोर्ड ने ₹141.82 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी, जिसमें सफाई व्यवस्था में बदलाव और प्रत्येक वार्ड में 15 सफाईकर्मी तैनात क ...और पढ़ें

धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक को संबोधित करते मेयर संजीव सिंह, डिप्टी मेयर अरूण चौहान और नगर आयुक्त आशीष गंगवार। (फोटो जागरण)
HighLights
₹141.82 करोड़ के विकास कार्यों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति।
क्विक रिस्पांस टीम भंग, प्रत्येक वार्ड में 15 सफाईकर्मी।
एलईडी लाइट, तालाब सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण को मिली मंजूरी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Municipal Corporation धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्डों में अब सफाई व्यवस्था नए तरीके से संचालित होगी। पार्षदों की मांग और सफाई व्यवस्था को लेकर बढ़ती नाराजगी के बाद बोर्ड ने पूर्व में गठित क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को 15 अगस्त के बाद भंग करने का निर्णय लिया है।
अब क्यूआरटी के स्थान पर प्रत्येक वार्ड में 15-15 समर्पित सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही जमीनी स्तर पर स्वच्छता की बेहतर निगरानी और व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
धनबाद नगर निगम की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक शनिवार को संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव सिंह ने की।
बैठक का सुचारू संचालन नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने किया, जबकि उपमहापौर अरुण चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पार्षदों की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उनके प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। एनसीएपी के तहत इन विकास कार्यों के लिए कुल ₹141.82 करोड़ के प्राक्कलित प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया।
सभी 55 वार्डों की पांच-पांच योजनाओं को मिली स्वीकृति
नगर निगम बोर्ड ने सभी 55 वार्डों में पांच-पांच योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की। इन योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वार्डों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
सभी पार्षदों को संतुष्टि प्रमाण पत्र देने का अधिकार
बैठक में सभी पार्षदों को संतुष्टि प्रमाण पत्र देने का अधिकार प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत संबंधित विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पार्षदों की भूमिका को भी महत्व दिया जाएगा।
खबरें और भी
बुनियादी ढांचे और प्रकाश व्यवस्था का कायाकल्प
एलईडी स्ट्रीट लाइट्स: शहर के विभिन्न वार्डों में अंधेरे को दूर करने के लिए आवश्यकतानुसार पोल सहित नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों में दो करोड़ रुपये की लागत से 3,000 अतिरिक्त एलईडी स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन एवं अधिष्ठापन का निर्णय लिया गया।
तालाबों का सौंदर्यीकरण और कुओं का जीर्णोद्धार
पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालाबों के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई के लिए करीब दो करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही, विभिन्न कुओं के जीर्णोद्धार और नागरिक सुविधाओं के लिए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
जल निकासी के लिए मास्टर प्लान
शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बरमसिया तालाब में जल संचयन की क्षमता बढ़ाने और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की योजना पर विस्तृत चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय की गई।
एनसीएपी और क्लीन एयर फंड से सड़कों का सुदृढ़ीकरण
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) और क्लीन एयर फंड के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों (जैसे वार्ड 01, 04, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12, 13 और 14 आदि) में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
पेवर ब्लॉक और बिटुमिनस सड़कें
रास्तों को टिकाऊ बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने और बिटुमिनस सड़कों के नवीनीकरण के दर्जनों प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें कतरास, सिजुआ, गोधर, पुटकी और राजगंज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की मुख्य और आंतरिक सड़कें शामिल हैं।