Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लोहा चोरी पड़ी भारी: धनबाद सीपीपी गैस रिसाव में पांचवीं मौत, इमामुद्दीन उर्फ टार्जन ने दम तोड़ा

    By Lav Kumar Burnwal Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Thu, 09 Apr 2026 11:47 PM (GMT+05:30)

    Dhanbad Munidih Plant Gas Leak: धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल के बंद कैप्टिव पावर प्लांट में लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन गैस रिसाव से मरने वालों की स ...और पढ़ें

    बंद मुनीडीह कैप्टिव पावर प्लांट।

    बंद मुनीडीह कैप्टिव पावर प्लांट।

    HighLights

    1. धनबाद गैस रिसाव में मरने वालों की संख्या पांच हुई।

    2. लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन टंकी पाइप काटने से रिसाव।

    3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, दहशत बरकरार।

    संवाद सहयोगी, जागरण, पुटकी (धनबाद)। बीसीसीएल के मुनीडीह स्थित बंद कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) में लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन गैस रिसाव की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। ताजा मामले में केंदुआ चार नंबर निवासी 30 वर्षीय मो. इमामुद्दीन उर्फ टार्जन की गुरुवार सुबह रांची रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

    मालूम हो कि चार अप्रैल की रात प्लांट में लोहा चोरी करने के लिए एक दर्जन चोर घुसे थे। इसी दौरान चोरों ने क्लोरीन टंकी की पाइप काट दी, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ। इसकी चपेट में आने से कई लोग प्रभावित हुए थे।

    मो. इमामुद्दीन को पहले एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया था। जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    इस घटना में पहले ही केंदुआ के संजय यादव, आनंद ताम्रकार, वसीम अंसारी तथा लोयाबाद के मो. अजहरुद्दीन की मौत हो चुकी है। इमामुद्दीन उर्फ टार्जन की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या पांच हो गई है।

    इमामुद्दीन वेल्डिंग का काम जानता था और हाल के दिनों में टोटो चलाने लगा था। वह पिछले कुछ दिनों से लोहा चोर गिरोह के संपर्क में आ गया था।

    पोस्टमार्टम के बाद शव केंदुआ स्थित उसके घर लाया गया, जहां स्वजन के बीच कोहराम मच गया। इधर पुलिस ने इस मामले में छह नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में अब भी दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।