धनबाद के शहरी बेघरों के लिए खुशखबरी, एक जून से पीएम आवास योजना के लिए आवेदन
PM Awas Yojana धनबाद नगर निगम 1 जून से 6 जून तक प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए विशेष कैंप आयोजित कर रहा है। ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकान।( प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
1 जून से 6 जून तक विशेष कैंप लगेंगे।
पात्र शहरी परिवारों को पक्का आवास मिलेगा।
आवेदन ऑनलाइन, दस्तावेज कैंप में जमा करें।
जागरण संवाददाता, धनबाद। एक जून से नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पांच कैंप कार्यालय में विशेष कैंप का आयोजन करने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के पात्र एवं आवासहीन और कच्चे मकान में निवास करने वाले परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में धनबाद नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने हेतु निगम क्षेत्र के कार्यालयों में विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप एक जून से छह जून तक चलेगा। नगर निगम के कतरास अंचल कार्यालय गुही बांध, छाताटांड़ अंचल कार्यालय, गोधर, धनबाद नगर निगम, मुख्यालय, झरिया अंचल कार्यालय बनियाहीर तथा सिन्दरी अंचल कार्यालय में कैंप का आयोजन किया जाएगा।
आवेदकों का आवेदन केवल आनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किये जाएंगे। आवेदन भरने के पश्चात उसकी प्रिंट कापी एवं सभी आवश्यक दस्तावेज कैंप में जमा करना अनिवार्य होगा। केवल पूर्ण दस्तावेजों वाले आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। वहीं अपूर्ण आवेदन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं होंगे।
यह चाहिए पात्रता
आवेदक के परिवार में पति, पत्नी एवं अविवाहित बच्चे शामिल होंगे। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाले ऐसे आवास विहीन परिवार, जिनके पास देश में कहीं भी अपने अथवा परिवार के किसी सदस्य के नाम पर पक्का मकान नहीं हो। आवेदक की वार्षिक आय तीन लाख से कम हो।
खबरें और भी
आवश्यक दस्तावेज
- आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है।
- आवेदक का आधार, पैन एवं वोटर कार्ड की छायाप्रति।
- आवेदक के पिता, पति, पत्नी का आधार कार्ड की छायाप्रति ।
- परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड की छायाप्रति।
- जमीन से संबंधित दस्तावेज खतियान, डीड, वंशावली, बंटवारा आदि।
- जमीन का अद्यतन लगान रसीद, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र।
- अंचल कार्यालय से निर्गत आय प्रमाण पत्र।
- पूरे भारत में पक्का मकान नहीं होने संबंधी शपथ पत्र।
- बैंक पासबुक की छायाप्रति
- पासपोर्ट आकार का फोटो।
- माता-पिता का आधार कार्ड।
- पूरे परिवार का संयुक्त फोटो।