विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों पर किया पलटवार, हाफ एनकाउंटर से वासेपुर फायरिंग का किया हिसाब

By Niraj DubeyEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Thu, 24 Sep 2026 07:45 AM (IST)

Dhanbad Police Encounter: धनबाद पुलिस ने वासेपुर में फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों पर पलटवार किया है। ...और पढ़ें

HighLights

  1. वासेपुर में फायरिंग के बाद धनबाद पुलिस का पलटवार।

  2. मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह के दो शूटर घायल हुए।

  3. पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। वासेपुर का भगोड़ा और दुबई में बैठकर वसूली गिरोह का संचालन कर रहा बदमाश प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस की सख्ती अब दिखने लगी है। दुबई में होने के कारण उसतक पुलिस पहुंच नहीं पा रही है, लेकिन उसके लोगों की अब खैर नहीं। 

प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों ने सोमवार को वासेपुर के भूली मोड़ में दिनदहाड़े फायरिंग की। इसमें तीन लोग घायल हो गए। इस घटना के दो दिन बाद ही पुलिस ने मुठभेड़ में 2 बदमाशों को घायल कर और 2 को गिरफ्तार कर हिसाब बराबर कर दिया है। 

बंद स्कूल में हुई पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ 

ईस्ट बसुरिया के छोटकी बौआ के पास बंद पड़े स्कूल में बुधवार की रात एनकाउंटर हुई। इसमें भूली मोड़ के पास हुए गोलीकांड का शूटर चंदन ठाकुर घायल हुआ। शूटर तक पहुंचने में पुलिस को नया बाजार से गिरफ्तार आमिर कुरैशी के बयान से अहम सुराग मिला।

मंगलवार देर रात आमिर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे भूली मोड़ पर हुई फायरिंग के दौरान सामने आए अपराधियों के सीसीटीवी फुटेज दिखाए।

फुटेज देखते ही आमिर ने गोली चलाने वाले युवक की पहचान चंदन ठाकुर के रूप में की। उसने पुलिस को बताया कि चंदन ठाकुर और उसके साथ बाइक चलाने वाला प्रिंस कुमार ईस्ट बसुरिया के स्पेशल टोला स्थित एक स्कूल में छिपे हुए हैं।

चंदन ठाकुर का मामा दे रहा था संरक्षण

आमिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम तत्काल ईस्ट बसुरिया पहुंची। पुलिस को यह भी पता चला कि चंदन ठाकुर का मामा इसी इलाके में रहता है और वहीं से दोनों को संरक्षण मिल रहा था। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने की तैयारी की।

टीम जैसे ही स्कूल के पास पहुंची, अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोलीबारी में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

शूटर के पैर में लगी दो गोलियां

मुठभेड़ के दौरान चंदन ठाकुर को दो गोलियां लगीं। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा प्रिंस कुमार खदान में गिरकर घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से चंदन के मामा जोधन को भी गिरफ्तार कर लिया। आमिर की निशानदेही पर पुलिस ने भूली मोड़ गोलीकांड में इस्तेमाल बाइक भी ईस्ट बसुरिया से बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, आमिर की गिरफ्तारी से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और उसकी निशानदेही ने पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले में पुलिस ने कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें- धनबाद में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट, पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह के 2 अपराधी घायल; 4 गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- धनबाद के Wasseypur में फिर गैंगवार: गैंगस्टर फहीम खान के भाई पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग; महिला समेत तीन घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।