धनबाद में आंधी-पानी से बिजली गुल, कई इलाकों में 18 घंटे बाद भी ब्लैकआउट; मरम्मत कार्य में जुटा विभाग
गुरुवार शाम आई आंधी के कारण धनबाद के गोविंदपुर, कतरास और झरिया सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, धनबाद। गुरुवार की शाम आई आंधी के दौरान गोविंदपुर के जीटी रोड और कतरास के राजगंज रोड में पेड़ गिरने से 11 केवी और 33 केवी लाइनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है।
वहीं झरिया के कतरास मोड़ और शहरी क्षेत्र के सरायढेला व धैया में इंसुलेटर फटने और जम्पर कटने की घटनाएं हुईं। सरायढेला सब-स्टेशन के अधीन आने वाले इलाकों में भी पेड़ गिरने से तार जमीन पर आ गए, जिसके कारण सुरक्षा के लिहाज से तुरंत बिजली काट दी गई।
शहर के अधिकांश क्षेत्रों में कल शाम 4:30 बजे से लेकर देर रात दो बजे तक यानी करीब 10 घंटे तक पूरी तरह ब्लैकआउट रहा। कतरास और झरिया के कुछ ग्रामीण इलाकों में तो बिजली 15 से 18 घंटे तक गुल रही।
विभाग के अनुसार, लगभग 40 से ज्यादा पोल और दर्जनों ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण कड़ी मशक्कत के बाद आज यानी शुक्रवार की सुबह आठ बजे तक मुख्य फीडरों को चालू किया जा सका है।
वही अन्य छेत्रों में मरम्मत कार्य जारी रहने के कारण बरवाअड्डा, स्टील गेट, और गोविंदपुर के कई फीडरों में शटडाउन लिया गया है। इस वजह से आज भी इन क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही लगी हुई है।
विभाग का कहना है कि टूटे हुए तारों को बदलने और पेड़ों की छंटाई के कारण दोपहर दो बजे तक आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है। फिलहाल, झरिया और कतरास के कुछ इलाकों में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या बरकरार है।