धनबाद में युवक की हत्या के बाद छह घंटे तक सड़क जाम, पुलिस से झड़प
धनबाद में जितेश कुमार की हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरमसिया पुल पर शव रखकर छह घंटे तक सड़क जाम की। उन्होंने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी ...और पढ़ें

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बरमसिया पुल के पास जाम करते लोग।
संवाद सहयोगी, जागरण, धनसार (धनबाद)। धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी ग्राउंड के समीप युवक जितेश कुमार की हत्या के बाद मंगलवार शाम इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरमसिया पुल के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने बरमसिया पुल मार्ग पर शव रखकर करीब छह घंटे तक सड़क जाम रखा। सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही धनसार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं थे।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। जाम के दौरान कई बार आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धनसार, धनबाद और बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर तैनात रही।
बाद में मेयर संजीव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के स्वजन से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से जितेश की बहन को रोजगार दिलाने तथा हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोग शांत हुए तथा सड़क जाम समाप्त कराया गया।