धनबाद में शादी के नाम पर ठगी करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का भंडाफोड़, तीन महिलाएं समेत दस गिरफ्तार
धनबाद के बरवाअड्डा में पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 महिलाओं सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बरवाअड्डा थाने में गिरफ्तार लुटेरी दुल्हन गिरोह के सदस्य। (फोटो साैजन्य)
HighLights
धनबाद पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश किया।
तीन महिलाओं सहित कुल दस आरोपी गिरफ्तार किए गए।
गिरोह शादी के बहाने ठगी और लूटपाट करता था।
संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना की पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल फोन के अलावा साड़ी, लहंगा, जींस पैंट, अंगवस्त्र, चूड़ी और शादी से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद के बरवाअड्डा के साथ-साथ गिरिडीह के भी लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साहू, सुमन विश्वकर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, चंदन शर्मा, मकड़ी देवी, विशु कुमार यादव और राजेंद्र प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है।
राजस्थान के अलवर के परिवार ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामला राजस्थान के अरवल जिले के रहने वाले एक परिवार से जुड़ा है। परिवार अपने बेटे गुल्लू की शादी के सिलसिले में पत्नी और भाई के साथ बरवाअड्डा पहुंचा था। आरोप है कि लड़की पक्ष की एक महिला पिछले कई दिनों से शादी की बातचीत कर रही थी। बात तय होने के बाद सोमवार को लड़का पक्ष बरवाअड्डा पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि शादी तय होने के एवज में लड़की पक्ष के लोगों ने पहले 40 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद एक स्थान पर सिंदूरदान की रस्म भी पूरी कराई गई। शादी की रस्म पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोग दूल्हे और उसके परिजनों को टुंडी रोड स्थित एक दुकान पर ले गए, जहां खरीदारी कराई गई।
खरीदारी के बाद बदला व्यवहार, सुनसान जगह ले जाकर मारपीट का आरोप
आरोप है कि खरीदारी पूरी होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों का व्यवहार अचानक बदल गया। इसके बाद दूल्हे और उसके परिजनों को एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान दूल्हे के पिता का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बरवाअड्डा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरोह का गिरिडीह तक नेटवर्क, शादी की सामग्री भी बरामद
पुलिस की कार्रवाई में यह बात सामने आई है कि कथित गिरोह का नेटवर्क धनबाद के अलावा गिरिडीह तक फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में दोनों जिलों के लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन के साथ शादी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की है।
यह भी पढ़ें- शादी के नाम पर राजस्थान के परिवार से धनबाद में ठगी, सिंदूरदान के बाद मारपीट कर मोबाइल-सामान छीना
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शादी के नाम पर इस तरह की ठगी और लूट की घटनाओं में गिरोह के कितने लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है।
