सावन में देवघर यात्रा होगी आसान, धनबाद से चलेगी गोमो-जयनगर स्पेशल ट्रेन
Gomoh Jaynagar Sawan Special Train: सावन माह में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे धनबाद होकर गोमो से जयनगर तक सावन स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ...और पढ़ें

गोमो से जयनगर के बीच चलेगी सावन स्पेशल ट्रेन।(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सावन स्पेशल ट्रेन गोमो से जयनगर तक चलेगी।
धनबाद होकर देवघर जाने वाले यात्रियों को लाभ।
यह ट्रेन प्रतिदिन 12-15 कोच के साथ चलेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Indian Railway Update: 30 जुलाई से सावन माह की शुरुआत होनेवाली है। सावन के दौरान ट्रेनों में होनेवाली भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने पहली बार सावन स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू की है। धनबाद होकर गोमो से जयनगर तक सावन स्पेशल ट्रेन चलाने को लेकर धनबाद रेल मंडल ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है।
गोमो से चलने वाली ट्रेन धनबाद, जसीडीह, झाझा, दरभंगा, मधुबनी होकर जयनगर तक चलेगी। धनबाद कोचिंग डिपो में ट्रेनों के अत्यधिक दबाव के कारण गोमो से चलाया जाएगा। सावन स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन चलेगी।
12-15 कोच के साथ चलेगी सावन स्पेशल
गोमो-जयनगर सावन स्पेशल ट्रेन 12 से 15 कोच के साथ चल सकती है। यात्रियों की सुविधा के लिए अधिक जनरल कोच के साथ ट्रेन चलाने की योजना है। इससे धनबाद से जसीडीह और वापसी में उत्तर बिहार के विभिन्न शहरों से जसीडीह तक पहुंचने की राह आसान होगी।
रांची-गोड्डा एक्सप्रेस 28 जुलाई से 15 अगस्त तक फुल
धनबाद होकर सुल्तानगंज जानेवाली एकलौती ट्रेन रांची-गोड्डा एक्सप्रेस 28 जुलाई से 15 अगस्त तक फुल है। 15 अगस्त के बाद सीटें खाली हैं। हालांकि खाली सीटों की बुकिंग भी तेजी से हो रही हैं। जसीडीह जानेवाली अधिकतर ट्रेनों में फिलहाल यात्रियों का दबाव कम है। सावन नजदीक आने से बुकिंग तेज होने की उम्मीद है।
बस का किराया बढ़ने से ट्रेन में भीड़ बढ़ने की संभावना
बस का किराया पहले की तुलना में बढ़ गया है। जबकि ट्रेन के किराये में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में सावन के दौरान बस की तुलना में ट्रेनों में अधिक भीड़ होने की संभावना है। जसीडीह या देवघर के लिए सामान्य श्रेणी में भीड़ अधिक हो सकती है।