Dhanbad Crime: स्कूटर बेचने पर बेटे ने किया बाप का कत्ल, शव को घसीटकर सुनसान जगह पर फेंका
धनबाद के बलियापुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने स्कूटर बेचने के विवाद में अपने 55 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या ...और पढ़ें

मृतक पिता। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, बलियापुर। बलियापुर थाना क्षेत्र के दोलाबड़ स्थित खेड़बाड़ी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां 55 वर्षीय विनोद गोप की कथित रूप से उनके ही इकलौते पुत्र ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को सड़क से करीब 30 मीटर दूर एक सुनसान आवास के पास फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या अन्य घटना प्रतीत हो।
बुधवार सुबह शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने पंचायत भवन के बगल स्थित एक सुनसान घर के पास विनोद गोप का शव देखा। सूचना मिलते ही बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई अशोक कुमार, एएसआई लाल पासवान समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर सड़क पर खून के धब्बे मिले। जबकि मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए। इससे साफ संकेत मिला कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को घसीटकर दूसरी जगह फेंका गया है। पुलिस की पूछताछ में मृतक के 28 वर्षीय पुत्र माथुर गोप ने मंगलवार रात अपने पिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली।
स्कूटर बेचने से हुआ विवाद
आरोपी ने बताया कि उसके पिता ने घर का स्कूटर और साइकिल बेच दिया था। इसी बात को लेकर पंचायत भवन के समीप दोनों के बीच विवाद हुआ जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
खबरें और भी
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को सड़क से हटाकर सुनसान घर के पास फेंक दिया था। घटनास्थल से मृतक की साइकिल और आरोपी का चप्पल भी बरामद हुआ। बुधवार सुबह जब माथुर गोप अपना चप्पल और साइकिल लेने वहां पहुंचा तो ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने मारपीट की बात स्वीकार कर ली। ग्रामीणों ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विनोद गोप दिनभर गांव में घूमते रहते थे। घर पर भोजन नहीं मिलने के कारण वह कई बार दूसरों के यहां मांगकर खाना खाते थे।
वहीं, उनका पुत्र माथुर गोप कभी-कभार मजदूरी करता था और अक्सर नशे की हालत में गांव में घूमता रहता था। मृतक की दो पुत्रियां पश्चिम बंगाल में अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया सुनीता मलिक के पति राकेश मलिक, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।