धनबाद स्टेशन पर महिलाओं के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का शुभारंभ, मुफ्त वितरण
धनबाद स्टेशन पर महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की गई और मुफ्त नैपक ...और पढ़ें

धनबाद स्टेशन पर महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित करती महिलाएं। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद स्टेशन पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित।
महिलाओं और बालिकाओं को मुफ्त नैपकिन वितरित किए गए।
स्वच्छता और मासिक धर्म स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाई गई।
जागरण संवाददाता, धनबाद। महिलाओं और बालिकाओं के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें एक स्वास्थ्यपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को धनबाद स्टेशन पर एक विशेष कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन की स्थापना की गई, साथ ही उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं के बीच निशुल्क सेनेटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्षा प्रिया मिश्र और संगठन की वरिष्ठ पदाधिकारियों ने महिला लाभार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को समझाया। उन्होंने सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेनेटरी नैपकिन के नियमित उपयोग और मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के विषय में विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
इस सामाजिक जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की बालिकाओं ने स्टेशन पर स्वच्छता एवं सामाजिक चेतना पर आधारित एक अत्यंत प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से वहां उपस्थित यात्रियों और आम जनसमूह को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया जिसे लोगों ने काफी सराहा।
इस विशेष अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की उपाध्यक्षा अल्पना झा, मृणालिनी, और शैली सहित संगठन की कई अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहीं।