धनबाद में शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर बवाल, विधायक बोले- 3 करोड़ रुपये का हुआ लेन-देन
Dhanbad Teacher Transfer Scam: निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने धनबाद में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में 3 करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

निरसा के विधायक अरूप चटर्जी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Teacher Transfer Scam: झारखंड की हेमंत सरकार की सहयोगी पार्टी (CPIML) के विधायक अरूप चटर्जी ने शिक्षा विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग-प्रतिनियुक्ति को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है-धनबाद में पिछले एक साल में 3 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।
निरसा के विधायक चटर्जी ने मंगलवार को धनबाद के डीएसई शालिनी डुंगडुंग से मिले और आरटीआइ के तहत जवाब मांगा। अरूप चटर्जी ने पिछले एक वर्ष में जिले के सरकारी स्कूलों में किए गए शिक्षकों की ट्रांसफर-पोटिंग और प्रतिनियुक्ति की जानकारी मांगी है।
विधायक ने आरोप लगाया कि लगभग तीन करोड़ रुपये लेकर बड़े पैमाने पर शिक्षकों का स्थानांतरण और प्रतिनियुक्ति की गई। ग्रामीण स्कूलों में छात्रों के अनुपात में कम शिक्षक दिए गए हैं, शहरों में छात्र कम हैं तो शिक्षक अधिक दे दिए गए हैं।
एचआरए के लिए हो रहा खेल
शहरी क्षेत्र में शिक्षकों को एचआरए मिलता है, इसलिए लाखों रुपये देकर मनचाहे स्कूल में पोस्टिंग करा लिया। इसी कारण ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में शिक्षक नहीं है, पढ़ाई बाधित हो रही है, परिणाम बेहतर नहीं आ रहा है। विधायक ने कहा शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है।
खबरें और भी
उपायुक्त ने भी नहीं लिया संज्ञान, भूख हड़ताल की धमकी
उन्होंने कहा-दो माह पहले आरटीआइ से जवाब मांगा गया था, आज तक नहीं मिला। धनबाद उपायुक्त को भी कई बार इससे अवगत कराते हुए जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने भी संज्ञान नहीं लिया।
जल्द ही पिछले एक वर्ष में शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग और प्रतिनियुक्ति की जानकारी नहीं दी गई तो 17 अगस्त से उपायुक्त कार्यालय में भूख हड़ताल करेंगे। इस पूरे मामले में डीएसई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं हो सका। उन्होंने कहा विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाएंगे।