क्रिकेट खेलते वक्त अचानक टूटा तार, धनबाद में करंट लगने से होनहार छात्र की मौत
Dhanbad News क्रिकेट खेलते समय 18 वर्षीय यश वर्णवाल की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार ...और पढ़ें

यश वणर्वाल का फाइल फोटो।
HighLights
धनबाद के भौंरा में छात्र यश वर्णवाल की मौत।
क्रिकेट खेलते समय करंट लगने से हुई दुर्घटना।
12वीं पास मेधावी छात्र की असमय मृत्यु।
संस, भौंरा (धनबाद)। भौंरा ऊपर बाजार निवासी व मेडिकल स्टोर संचालक विजय वर्णवाल के करीब 18 वर्षीय पुत्र यश वर्णवाल की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे भौंरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे यश अपने घर के बरामदे में परिवार के अन्य छोटे-बड़े बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान बरामदे में लगी बिजली की वायरिंग अचानक टूटकर किसी तरह उसके हाथ में लिपट गई।
साथ खेल रहे बच्चों को पहले समझ नहीं आया कि आखिर यश के साथ क्या हुआ। लेकिन कुछ ही क्षणों में वह करंट की चपेट में आ गया।
अस्पताल ले गए परिजन
बच्चों के शोर-शराबे की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते ही परिवार के लोगों को समझ में आ गया कि यश को बिजली का करंट लगा है।
तत्काल घर का मुख्य बिजली स्विच बंद किया गया व आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पहले टाटा जामाडोबा अस्पताल ले जाया गया।
मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यश की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां-पिता समेत स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। यश ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
मेधावी था यश
वह पढ़ाई-लिखाई में काफी मेधावी छात्र था व आगे की पढ़ाई की तैयारी के लिए मंगलवार को धनबाद स्थित एक कोचिंग संस्थान जाने वाला था।
लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मृतक यश तीन भाइयों में मंझला था। उसकी असमय मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।