Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फेसबुक पर बयानबाजी को लेकर धनबाद में ग्रामीणों और आजसू समर्थकों में खूनी संघर्ष, वृद्ध को लगी गोली

    Updated: Wed, 20 May 2026 07:43 PM (IST)

    धनबाद के बांसजोड़ा बस्ती में ग्रामीणों और आजसू समर्थकों के बीच फेसबुक पर बयानबाजी को लेकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक वृद्ध को गोली लगी और कई घायल हुए। ...और पढ़ें

    खूनी झड़प में घायल युवक और जांच को पहुंची पुलिस। (फोटो: जागरण)

    खूनी झड़प में घायल युवक और जांच को पहुंची पुलिस। (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. ग्रामीणों और आजसू समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष।

    2. फेसबुक पर बयानबाजी को लेकर विवाद गहराया।

    3. एक वृद्ध को गोली लगी, कई लोग घायल।

    संवाद सूत्र, लोयाबाद (धनबाद)। धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में बुधवार को ग्रामीणों और आजसू पार्टी समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई और गोलियां चलीं। इस खूनी संघर्ष में किशन रवानी नामक एक वृद्ध व्यक्ति को गोली लग गई।

    Dhanbad News

    गंभीर स्थिति में उन्हें धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना में हीरालाल महतो और धर्मेंद्र महतो सहित तीन-चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।

    जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक और व्यक्तिगत बयानबाजी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराया हुआ था। बुधवार को आजसू समर्थक आधा दर्जन वाहनों से बांसजोड़ा बस्ती पहुंचे थे।

    देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और लाठी-डंडे व हथियार निकल आए। इस दौरान जमकर पथराव हुआ और गोलियां भी चलीं। आक्रोशित लोगों ने आजसू समर्थकों की आधा दर्जन गाड़ियों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के स्वजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।

    छावनी में तब्दील हुई बस्ती, भारी पुलिस बल कैंप

    घटना के बाद बांसजोड़ा बस्ती को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंदुआडीह अंचल निरीक्षक जय प्रकाश महतो के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात है।

    खबरें और भी

    मौके पर केंदुआ थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय, जोगता थाना प्रभारी, लोयाबाद थाना प्रभारी रोहित कुमार, पवन कुमार सिंह, तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी, गोंदुडीह ओपी प्रभारी लव चौधरी, मुनीडीह थाना प्रभारी मनीता कुमारी, सोनारडीह थाना प्रभारी दिलीप पाल और बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल कैंप कर रहा है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।