Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Lok Sabha Election: फरवरी में धनबाद रहेगा राजनीति का सेंटर, PM मोदी-हेमंत सोरेन एक ही दिन करेंगे शक्ति प्रदर्शन

    By Jagran NewsEdited By: Shashank Shekhar
    Updated: Wed, 24 Jan 2024 10:31 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चार फरवरी को ही धनबाद से पूरे झारखंड में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। प् ...और पढ़ें

    फरवरी में धनबाद रहेगा राजनीति का सेंटर, PM मोदी-हेमंत सोरेन एक ही दिन करेंगे शक्ति प्रदर्शन (फाइल फोटो)
    फरवरी में धनबाद रहेगा राजनीति का सेंटर, PM मोदी-हेमंत सोरेन एक ही दिन करेंगे शक्ति प्रदर्शन (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां बलियापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
    2. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभा चार फरवरी की शाम को गोल्फ ग्राउंड में होगी।

    दिलीप सिन्हा, धनबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चार फरवरी को ही धनबाद से पूरे झारखंड में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। प्रधानमंत्री बलियापुर हवाई अड्डा मैदान और मुख्यमंत्री धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सभा एक ही दिन होने से धनबाद में भाजपा और झामुमो समर्थकों के बीच टकराव की भी आशंका है। दोनों दलों के कार्यकर्ता सतर्क हैं।

    इधर, पीएम मोदी और हेमंत सोरेन की सभा के पांच से छह दिन बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में धनबाद पहुंचेंगे और चुनावी बिगुल फूंकेंगे। इसके साथ ही चार फरवरी से एक सप्ताह तक लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीति का केंद्र बिंदु कोयलांचल बनेगा। यहां राजनीतिक घमासान देखने को मिलेगा। इस कारण पूरे देश की निगाहें कोयलांचल पर टिकी होंगी।

    4 फरवरी को प्रधानमंत्री करेंगे सभा

    चार फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां बलियापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। मौका होगा हर्ल खाद कारखाना सिंदरी के उद्घाटन का। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री व कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे धनबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। कारखाना सिंदरी के उदघाटन के बाद लोगों को संबोधित करेंगे।

    दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभा चार फरवरी की शाम को गोल्फ ग्राउंड में होगी। मौका होगा पार्टी का स्थापना दिवस। झामुमो हर साल यहां चार फरवरी को स्थापना दिवस मनाता है। हजारों लोग पारंपरिक हथियारों से लैस होकर पहुंचते हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संभवत: नौ या दस फरवरी को धनबाद में जनसभा कर चुनावी बिगुल फूंकेंगे।

    खबरें और भी

    14 लोकसभा सीटों को लिए बिछ रही बिसात

    झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए एनडीए और आइएनडीआइए के बीच बिसात बिछ गई है। झारखंड की सभी सीटों पर कब्जा करने के लिए भाजपा ने ताकत झोंक दी है। इधर झामुमो-कांग्रेस व राजद गठबंधन आमने-सामने की टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर रस्साकसी चल रहा है। झामुमो इस बार अधिक सीटों पर दावा कर रही है।

    पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें तो राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से 11 पर भाजपा और एक पर उसकी सहयोगी आजसू यानी 12 सीटों पर इस गठबंधन ने कब्जा किया था। कांग्रेस-झामुमो और राजद ने गठबंधन कर क्रमश: नौ, चार और एक सीट पर चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन ने दो सीटें जीती थीं। एक झामुमो और एक कांग्रेस ने खाते में आयी थी।

    राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में संभवत: छह फरवरी के बाद प्रवेश करेगी। रूट चार्ट अभी तैयार हो रहा है। नौ या दस फरवरी को यात्रा धनबाद में प्रवेश करेगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी धनबाद में लोगों को संबोधित करेंगे। धनबाद, गिरिडीह, राजमहल, हजारीबाग, रांची, खूंटी, जमशेदपुर समेत आठ से दस लोकसभा क्षेत्रों में यह यात्रा जाएगी। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर झारखंड के लोगों में भारी उत्साह है।- राजेश ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस

    लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को मात देने के लिए आइएनडीआइए एकजुट है। हम सिर्फ अपने दल के लिए नहीं बल्कि आइएनडीआइए के लिए चुनावी तैयारी कर रहे हैं। जहां तक झामुमो का सवाल है तो हम हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। गठबंधन की बैठक में हम अपनी बातों को रख चुके हैं। चार फरवरी को झामुमो के स्थापना दिवस पर प्रत्येक साल धनबाद में बड़ी सभा होती है। इस बार भी यह सभा होगी जिसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से संबोधित करेंगे।- सुदिव्य कुमार सोनू, झामुमो विधायक गिरिडीह

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धनबाद से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर कब्जा करना हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री की धनबाद की सभा में धनबाद के अलावा गिरिडीह एवं कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होने पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की सभा की तैयारी में पूरी भाजपा जुट गई है। कार्यक्रम आते ही तीनों लोकसभा के प्रमुख नेताओं की बैठक धनबाद में की गई। प्रधानमंत्री सिंदरी में हर्ल कारखाना का उदघाटन करेंगे।- डा. प्रदीप वर्मा, महामंत्री प्रदेश भाजपा

    ये भी पढ़ें: बंगाल के बाद झारखंड में भी I.N.D.I.A में फूट! JMM और कांग्रेस ने इतनी सीटों पर ठोका दावा; RJD ने भी बिगाड़ा 'खेल'

    ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election: JMM दुमका से फुंकेगा लोकसभा चुनाव का बिगुल, एक मंच पर दिखेंगे शिबू सोरेन-हेमंत सोरेन