धनबाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव के साथ प्रदर्शन; चार आरोपी हिरासत में
धनबाद के जगजीवन नगर में 24 वर्षीय करण कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ...और पढ़ें

धनबाद के रणधीर वर्मा चाैक पर आगजनी और शव रखकर प्रदर्शन करते करण के स्वजन। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद के जगजीवन नगर में 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या।
पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर बी-टाइप में शनिवार तड़के 24 वर्षीय युवक करण कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को पता चला है कि अहले सुबह कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल करण की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिवारवालों के अनुसार, करण शनिवार सुबह करीब चार बजे घर से निकला था।
आरोप है कि घर से कुछ ही दूरी पर पहले से मौजूद शिवप्रसाद महतो, मुक्तेश्वर महतो, कन्हाई लाल भट्टाचार्य और राजू हरि ने उसे घेर लिया। इसके बाद चारों ने उसकी जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल करण को वहीं छोड़कर सभी चले गए।
कुछ देर बाद परिवार के लोगों की नजर करण पर पड़ी। उसे गंभीर हालत में जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
खबरें और भी
पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया।
रणधीर वर्मा चौक पर आगजनी कर सड़क जाम
करण की मौत की सूचना के बाद परिवार व स्थानीय कुछ लोग आक्रोशित हो गए। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर स्वजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में दर्जनों महिला भी शामिल थी। इस दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर आगजनी कर यातायात बाधित कर दिया। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कुछ देर के लिए चौक पर तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर धनबाद तथा सरायढेला थाना प्रभारी समेत काफी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे। इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस की निगरानी में शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक छानबीन में यह बात सामने आई है कि करण पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहा है। शनिवार सुबह वह घर से निकला था, इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रभात कुमार, एसएसपी, धनबाद।