Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ED Raid in Dhanbad: कोयला कारोबारी ने बंद किया घर का दरवाजा, सीढ़ी लगाकर अंदर पहुंचे अधिकारी

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 04:43 PM (GMT+05:30)

    ED Raid in Dhanbad: धनबाद में कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। झरिया में एक कारोबारी के घर में प्रवे ...और पढ़ें

    कोयला कारोबारी रंजीत सिंह के घर में प्रवेश के लिए सीढ़ी से चढ़ते ईडी अधिकारी। (फोटो जागरण)

    कोयला कारोबारी रंजीत सिंह के घर में प्रवेश के लिए सीढ़ी से चढ़ते ईडी अधिकारी। (फोटो जागरण)

    जागरण टीम, धनबाद। धनबाद में कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापामारी की। ईडी की कार्रवाई के दौरान लोयाबाद में महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा, जबकि झरिया के शिमला बहाल में एक कोयला कारोबारी के घर में प्रवेश करने के लिए ईडी को सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा।

    मंगलवार की सुबह ईडी ने धनबाद, झरिया, महुदा, बरवाअड्डा समेत अन्य क्षेत्रों में कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापामारी शुरू की। पाथरडीह थाना क्षेत्र के चासनाला दो नंबर बस्ती में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज अली के घर पर भी ईडी पहुंची।

    इसके अलावा शिमला बहाल में कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी छापेमारी की गई। रंजीत सिंह ने घर को अंदर से बंद कर लिया, जिसके कारण ईडी अधिकारियों को सीढ़ी लगाकर प्रवेश करना पड़ा। इसके बाद टीम ने घर में प्रवेश कर जांच शुरू की।

    महुदा के कपुरिया में कोयला कारोबारी अनिल गोयला के हार्ड कोक भठ्ठा पर भी ईडी की टीम ने छापामारी की। सुबह छह बजे पहुंची टीम ने चार घंटों तक जांच की और कोयला कारोबार से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।

    पाथरडीह थाना क्षेत्र के चासनाला दो नंबर बस्ती में ईडी की टीम ने इम्तियाज अली के आवास पर छापेमारी की। सुबह करीब छह बजे दो वाहनों से पहुंची टीम ने पूरे परिसर को घेर लिया और जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।

    घर के अंदर मौजूद लोगों को भी बाहर आने से रोका गया। ईडी के अधिकारी आवास के सभी कमरों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। हालांकि, छापेमारी किस मामले को लेकर की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। चर्चा है कि यह कार्रवाई अवैध खनन से संबंधित है।

    इसी प्रकार, अलकडीहा क्षेत्र में कोयला कारोबारी गणेश यादव के आवास पर भी ईडी की छापेमारी जारी है। यहां भी अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

    यह भी पढ़ें- धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई, डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान के घर पर छापामारी, महिलाओं ने किया हंगामा

    दोनों स्थानों पर एक साथ चल रही कार्रवाई के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ईडी के अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी देने से इनकार किया है।

    खबरें और भी