Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंचेत चेकपोस्ट पर सीमा विवाद में उलझी झारखंड-बंगाल पुलिस, अस्पताल में टेंपो चालक ने तोड़ा दम

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 09:00 PM (IST)

    Dhanbad News: पंचेत चेकनाका के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक टेंपो चालक की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। ...और पढ़ें

    पंचेत डैम के समीप आटो-ट्रैक्टर के बीच टक्कर के बाद का नजारा। (फोटोः जागरण)

    पंचेत डैम के समीप आटो-ट्रैक्टर के बीच टक्कर के बाद का नजारा। (फोटोः जागरण)

    HighLights

    1. पंचेत चेकनाका के पास भीषण सड़क हादसे में चालक की मौत।

    2. हादसे के बाद झारखंड-बंगाल पुलिस में सीमा विवाद गहराया।

    3. पुलिस के सीमा विवाद से मानवीय संवेदनाओं पर सवाल उठे।

    संवाद सहयोगी, पंचेत (धनबाद)। झारखंड-बंगाल सीमा पर शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा मानवीय संवेदनाओं से अधिक पुलिस के सीमा विवाद के कारण चर्चा का विषय बन गया। पंचेत डैम चेकनाका से महज 200 गज दूर सुबह करीब 10 बजे बंगाल की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने झारखंड की ओर से जा रहे यात्रियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।

    हादसे में टेंपो चालक चिरकुंडा निवासी 55 वर्षीय बामापदो दत्ता सहित करीब आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पंचेत ओपी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पंचेत डीवीसी हिल अस्पताल पहुंचाया।

    इलाज के दौरान चालक बामा पदो दत्ता ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार कर छोड़ दिया गया। दुर्घटना के बाद मामला उस समय उलझ गया जब घटनास्थल बंगाल सीमा में होने की बात सामने आई। पंचेत ओपी प्रभारी सुजीत कुमार सिंह ने तत्काल पश्चिम बंगाल की नितुरिया थाना पुलिस को सूचना दी।

    सूचना पर पहुंची बंगाल पुलिस ने घटनास्थल को अपने क्षेत्र का मानने से साफ इनकार कर दिया। झारखंड पुलिस ने विवाद समाप्त करने के लिए मोबाइल की लाइव लोकेशन तक जांचने का सुझाव दिया। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने भी स्पष्ट कहा कि हादसा बंगाल सीमा में हुआ है, लेकिन बंगाल पुलिस के अवर निरीक्षक एसके दास अपने रुख पर अड़े रहे और कार्रवाई से पीछे हट गए।

    खबरें और भी

    करीब दो घंटे तक दोनों राज्यों की पुलिस के बीच जिम्मेदारी तय करने को लेकर खींचतान चलती रही। अंततः वरीय अधिकारियों के निर्देश पर झारखंड पुलिस बिना कार्रवाई किए लौट गई। लगभग एक घंटे बाद बंगाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और टेंपो को अपने कब्जे में लिया।

    मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद बंगाल पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करेगी। इस बीच पंचेत ओपी प्रभारी ने मानवीय पहल करते हुए अपने खर्च से पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए वाहन में डीजल भरवाया। मौके पर माले नेता संतु चटर्जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।