JPSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ संसद में भाजपा का धरना, गांधी प्रतिमा के सामने सांसदों ने किया मौन उपवास
झारखंड में JPSC-CGL समेत भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में मौन उपवास किया। ...और पढ़ें

JPSC-CGL भर्ती परीक्षा में अनियमितता के विरोध में संसद परिसर में धरना देते झारखंड भाजपा के सांसद। (फोटो सौजन्य)
HighLights
संसद में भाजपा सांसदों का JPSC-CGL पर मौन उपवास।
भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता की सीबीआई जांच की मांग।
छात्रों के समर्थन में भाजपा का आंदोलन तेज करने का ऐलान।
डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड में JPSC-CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता का मामला अब संसद तक पहुंच गया है। शुक्रवार को झारखंड भाजपा के सांसदों ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया।
झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में सांसदों ने सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे का मौन उपवास रखा और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच की मांग की।
धरना के बाद आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ उनकी हर लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
24 जिलों में आज मशाल जुलूस तो कल धरना
JPSC-CGL परीक्षा में कथित अनियमितता के खिलाफ झारखंड भाजपा ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में 31 जुलाई की शाम झारखंड के सभी 24 जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 1 अगस्त को सभी जिलों में धरना दिया जाएगा।
संसद परिसर में मौन उपवास के दौरान साहू ने कहा कि झारखंड के छात्रों को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वे अपनी लड़ाई में अकेले हैं। भाजपा उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों और युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्याय नहीं मिलता, तब तक भाजपा की आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी।
भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर हमला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में JPSC, JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न परीक्षाओं में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं।
साहू ने आरोप लगाया कि लगातार प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतें सामने आईं और अब 14वीं JPSC परीक्षा में भी भारी गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार इस मामले पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की CBI जांच कराने की मांग की।
खबरें और भी
कांग्रेस पर दोहरी राजनीति का आरोप
JPSC-CGL समेत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। संसद परिसर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस दिल्ली में युवाओं के अधिकारों को लेकर प्रदर्शन करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों पर चुप्पी साधे हुए है।
साहू ने सवाल किया कि झारखंड में युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस आवाज क्यों नहीं उठा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी यह नीति नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही है।
छात्रों के आंदोलन पर सरकार को घेरा
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि छात्र पिछले कई दिनों से सड़कों पर उतरकर अपने हक और अधिकार की आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद छात्र सीमित संसाधनों के बीच दिन-रात धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से उन्हें राहत देने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों को बारिश में थोड़ी राहत पहुंचाने तक की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनके भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI जांच करानी होगी। छात्रों और युवाओं को न्याय मिलने तक भाजपा इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रखेगी।
धरना में आदित्य साहू के अलावा सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जयसवाल, कालीचरण सिंह भी उपस्थित रहे।