कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस का मुकेरियां में ठहराव रद, यात्रियों की बढ़ी परेशान; जानें पूरा अपडेट
Indian Railway Update: जम्मू मंडल में रेलवे के बुनियादी ढांचा सुधार कार्यों के कारण कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस का मुकेरियां स्टेशन पर ठहराव 25 जून से ...और पढ़ें

कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस।
HighLights
कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस का मुकेरियां स्टेशन पर ठहराव रद।
जम्मू मंडल में रेलवे के बुनियादी ढांचा सुधार कार्य जारी।
25 जून से 30 जून तक ट्रेन परिचालन में बदलाव।
जागरण संवाददाता, धनबाद। जम्मू मंडल में रेलवे द्वारा चलाए जा रहे बुनियादी ढांचा सुधार और विकास कार्यों के कारण कई प्रमुख ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेल प्रशासन द्वारा लिए गए इस ब्लॉक का सीधा असर धनबाद स्टेशन होकर आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ने जा रहा है।
इस कार्य के कारण कोलकाता से खुलकर धनबाद के रास्ते जम्मूतवी को जाने वाली गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस आगामी 25 जून से 29 जून तक अपने परिवर्तित शेड्यूल के तहत मुकेरियां स्टेशन पर नहीं रुकेगी, यानी इस स्टेशन पर इसका ठहराव पूरी तरह निरस्त रहेगा। इसी तरह विपरीत दिशा से आने वाली गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस भी आगामी 27 जून से 30 जून तक मुकेरियां स्टेशन पर अपना स्टॉपेज स्किप करते हुए सीधे आगे के लिए निकल जाएगी।
रेल अधिकारियों के मुताबिक जम्मू मंडल के अंतर्गत नंगल बांध-तलवाड़ा नई ब्रॉडगेज लाइन परियोजना का काम इन दिनों काफी तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही मुकेरियां-तलवाड़ा खंड में साइडिंग टेकओवर से जुड़े विकास कार्यों को भी पूरा किया जाना बेहद जरूरी है।
इस बड़े प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से ही मुकेरियां स्टेशन पर आवश्यक संशोधन, यार्ड रीमॉडलिंग और लाइनों के विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इस तकनीकी और बुनियादी सुधार कार्य के दौरान परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन ने इस रूट की कुछ अन्य ट्रेनों को भी शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, डायवर्ट और री-शेड्यूल करने का निर्णय लिया है।