मैथन में सात कोबरा के बीच सो रहे थे होमगार्ड जवान, बदन पर चढ़े तो सामने दिखी मौत; सीआईएसएफ जवान ने किया रेस्क्यू
मैथन की डीवीसी कॉलोनी में एक घर में सात विषैले कोबरा के बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ के जवान सीके शुक्ला ने सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर जं ...और पढ़ें

मैथन में होम गार्ड जवानों के आवास में मिले सात कोबरा।
HighLights
डीवीसी मैथन कॉलोनी में मिले सात विषैले कोबरा बच्चे।
सीआईएसएफ जवान सीके शुक्ला ने किया सफल रेस्क्यू।
सभी सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।
संवाद सूत्र, मैथन (धनबाद)। डीवीसी मैथन कालोनी एरिया-3 स्थित आवास संख्या 3बी-1 में मंगलवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां लगभग सात विषैले कोबरा के बच्चे दिखाई दिए। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ फायर विंग के जवान सीके शुक्ला मौके पर पहुंचे और सूझबूझ व सावधानी के साथ सभी कोबरा को सफलतापूर्वक पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त आवास में होमगार्ड के जवान रह रहे थे। रात में जब वे सो रहे थे, तभी कई कोबरा उनके बदन पर चढ़कर निकल गए। नींद खुलते ही सांपों को देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद CISF के जवान सीके शुक्ला को बुलाया गया। उन्होंने एक-एक कर सभी विषैले सांपों को पकड़ लिया, जिसके बाद जवानों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में डीवीसी मैथन कॉलोनी के विभिन्न आवासों में लगातार सांप निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों की ओर रुख करते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जरूरत है।
शुक्ला ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने का प्रयास न करें। इसकी सूचना किसी प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट या संबंधित विभाग को दें, ताकि सांप को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।