धनबाद में चोरों के निशाने पर मंदिर: मां काली के दरबार में भी नहीं बचा ट्रांसफार्मर, ₹2 लाख का क्वायल उड़ा ले गए चोर
धनबाद के निरसा स्थित नयाडांगा काली मंदिर से चोरों ने 100 केवीए ट्रांसफार्मर का क्वायल और अन्य उपकरण चुरा लिए, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये है। ...और पढ़ें
-1785406667408_m.webp)
मंदिर परिसर में लगे ट्रांसफार्मर का खोपड़ी जिसके क्वायल लूट कर ले गए चोर। फोटो- सौ. मंदिर कमेटी
HighLights
निरसा काली मंदिर से 2 लाख का ट्रांसफार्मर क्वायल चोरी।
20 फीट ऊंचे खंभे से ट्रांसफार्मर उतारकर की चोरी।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर, 51 हजार का इनाम घोषित।
जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। ईसीएल की कोलियरियों में केबल चोरी की घटनाओं के बाद अब चोरों ने धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। निरसा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध नयाडांगा काली मंदिर परिसर में लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर का क्वायल और अन्य उपकरण चोर खोलकर ले गए।
चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद मंदिर कमेटी ने निरसा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
20 फीट ऊंचे खंभे से उतारा ट्रांसफार्मर
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात चोरों का गिरोह मंदिर परिसर पहुंचा। करीब 20 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर उसके नट-बोल्ट खोले और अंदर लगा कीमती क्वायल व अन्य सामान निकाल लिया। इसके बाद सभी सामान बोरे में भरकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर ट्रांसफार्मर पर पड़ी, तब घटना का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध बोरे में क्वायल लेकर भालजोरिया की ओर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस और मंदिर कमेटी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
चोरों की सूचना देने वाले को मिलेगा 51 हजार रुपये
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मक्खू सिंह ने घोषणा की है कि चोरी में शामिल आरोपियों की जानकारी देने या उन्हें पकड़वाने वाले व्यक्ति को 51 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्रों को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस को इस मामले में सख्त कार्रवाई कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
खबरें और भी
पुलिस जांच में जुटी
निरसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- झारखंड-बंगाल-ओडिशा पुलिस अपराध के खिलाफ मिलकर चलाएगी अभियान, जल्द घिरेगा ₹1 करोड़ इनामी नक्सली असीम मंडल
यह भी पढ़ें- खूंटी में महिला थानेदार को 50 हजार रिश्वत लेते ACB ने किया गिरफ्तार, केस से नाम हटाने के लिए मांगे थे ₹4.5 लाख