झारखंड-बंगाल-ओडिशा पुलिस अपराध के खिलाफ मिलकर चलाएगी अभियान, जल्द घिरेगा ₹1 करोड़ इनामी नक्सली असीम मंडल
झारखंड, बंगाल और ओडिशा पुलिस ने माओवाद, ड्रग्स और अपराध के खिलाफ मिलकर बड़ा अभियान चलाने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

HighLights
झारखंड, बंगाल, ओडिशा पुलिस का संयुक्त अभियान।
माओवाद, ड्रग्स और अपराध के खिलाफ कार्रवाई।
खुफिया जानकारी साझा करने पर बनी सहमति।
राज्य ब्यूरो, रांची। बंगाल और ओडिशा के अधिकारियों के साथ मिलकर झारखंड पुलिस माओवाद, ड्रग्स और अपराध के विरुद्ध बड़ा अभियान चलाएगी। तीनों राज्य एक साथ मिलकर सीमा पर आपसी समन्वय से इस अभियान को संचालित करेंगे।
यह रणनीति गुरुवार को चाईबासा एसपी कार्यालय में डीआइजी सिंहभूम (कोल्हान)अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित बैठक में बनी है।
इस बैठक में ओडिशा से डीआइजी राउरकेला ब्रजेश कुमार राय, एसपी राउरकेला नितेश वाधवानी, एसपी मयूरभंज वरुण गुंटूपल्ली, एसपी क्योंझर नितिन दगदु कुशालकर, एसपी रायरंगगंज व एसपी सुंदरगढ़ अमृतपाल कौर शामिल हुए। वहीं, बंगाल से डीआइजी बांकुड़ा रेंज अभिषेक मोदी के अलावा एसपी पुरुलिया मान्य सिंगला, एसपी बांकुड़ा, एसपी झाड़ग्राम सन्नी कुमार राज शामिल थे।

झारखंड से डीआइजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा के अलावा एसपी चाईबासा अमित रेणु, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) डॉक्टर एहतेशाम वकारिब, एसपी सरायकेला-खरसावां मनोज स्वर्गीयारी, एसपी खूंटी ऋषभ गर्ग, एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस. खोतरे, एसपी ग्रामीण जमशेदपुर शुभम कुमार खंडेलवाल, एसपी सिटी जमशेदपुर ललित मीणा, ईएसपी अभियान खूंटी क्रिस्टोफर केरकेट्टा wa डीएसपी सिमडेगा रणवीर सिंह बैठक में शामिल हुए।

सूचनाओं का आदान-प्रदान, समन्वय की बनी सहमति
सभी अधिकारियों ने खुफिया जानकारी जुटाने, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, राज्य की सीमा पर आपसी समन्वय से अभियान चलाने पर सहमति जताई है। माओवादियों, नशे के सौदागरों, पशु तस्करों और अपराधियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी है। सभी अधिकारी लगातार आपसी संवाद कायम रखेंगे।

अब घिरेगा एक करोड़ का इनामी असीम मंडल
बंगाल के अधिकारियों के साथ झारखंड के अधिकारियों ने एक करोड़ के बचे हुए एकमात्र माओवादी सेंट्रल कमेटी सदस्य असीम मंडल को लेकर भी चर्चा हुई।
बंगाल के अधिकारियों को बताया गया कि पूर्वी सिंहभूम से सेट बंगाल की सीमा पर असीम मंडल की गतिविधियां मिली हैं। सूचना है कि वह अपने नौ अन्य साथियों के साथ बंगाल सीमा पर है। उसकी घेराबंदी की जा रही है। इसमें बंगाल पुलिस ने भी अभियान को सहयोग करने का आश्वासन दिया है।