विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शूटर शिबू से धनबाद पुलिस की मुठभेड़ की पूरी कहानी, सुबह से थी घेराबंदी; शाम होते ही गूंज उठी गोलियों की तड़तड़ाहट

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:17 PM (IST)

Sagar Singh Encounterः  धनबाद पुलिस ने निरसा में कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

निरसा में मुठभेड़ के बाद शूटर सागर सिंह को टांग कर ले जाते पुलिस-पदाधिकारी और घटनास्थल पर खड़ीं पुलिस की गाड़ियां। (फोटो जागरण)

निरसा में मुठभेड़ के बाद शूटर सागर सिंह को टांग कर ले जाते पुलिस-पदाधिकारी और घटनास्थल पर खड़ीं पुलिस की गाड़ियां। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. धनबाद पुलिस ने निरसा में अपराधी सागर सिंह को मुठभेड़ में पकड़ा।

  2. सागर सिंह ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ।

  3. जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड में भी सागर का नाम।

संजय सिंह, निरसा (धनबाद)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर का बदमाश सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद के निरसा के हाथबाड़ी स्थित शमशाद खान के घर में पिछले चार-पांच दिनों से टिका था। पुलिस को सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह उसकी घेराबंदी की गई। और शाम होते ही मुठभेड़ हो गया, जिसमें उसको पुलिस की चार गोली लगी। 

Sagar Singh

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद सागर ने बताया कि उसने शमशाद के घर के पास झाड़ी  में अपनी पिस्टल छिपा रखी है। पुलिस सागर को लेकर पिस्टल की तलाश करने लगी। इस दाैरान सागर ने झाड़ी से पिस्टल को निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। चार गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। घायल सागर को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

Dhanbad SPP Prabhat Kumar

पुलिस ने सागर के पास से नाइन एमएम की आधुनिक पिस्टल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, हथियार को घर के बाहर प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था और उसी से उसने पुलिस पर फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस ने शमशाद खान के घर और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी। देर शाम तक पुलिस टीम वहां कैंप करती रही।

सुबह से चल रही थी रेकी, शाम को पुलिस ने कसा शिकंजा

एसएसपी प्रभात कुमार को सूचना मिली थी कि सागर सिंह उर्फ शिबू निरसा के हाथबाड़ी में शमशाद खान के आवास में छिपा हुआ है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम सुबह करीब 11 बजे से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

शाम करीब साढ़े पांच बजे टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। इसी दौरान सागर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, जिस मकान में वह ठहरा था, उसके मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। 

जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

पुलिस के अनुसार, सागर सिंह का आपराधिक इतिहास झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला है। वह जमशेदपुर के चर्चित व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड का भी मुख्य आरोपित रहा है।

उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

नीरज हत्याकांड में सागर का था नाम 

साल 2017 में धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या में शूटर के ताैर पर सागर सिंह का नाम आया था। इस हत्याकांड में झरिया के तत्कालीन विधायक संजीव सिंह का भी नाम था और उन्हें जेल जाना पड़ा। हालांकि बाद अदालत ने सभी आरोपितों को बाइज्जत बरी कर दिया। 

पांच-छह दिनों से शमशाद के घर ठहरने की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सागर सिंह शमशाद खान के घर तक कैसे पहुंचा और वहां कितने दिनों से रह रहा था। स्थानीय स्तर पर शमशाद खान को कथित पशु तस्करी से जोड़कर चर्चा होती रही है। पुलिस फिलहाल दोनों के बीच संबंधों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर शिबू धनबाद में मुठभेड़ में घायल, नीरज सिंह मर्डर में भी था शामिल

निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो ने बताया कि शमशाद खान और सागर सिंह के बीच संबंधों की पड़ताल की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि सागर कितने दिनों से वहां छिपा था और उसे किसने आश्रय दिया। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- UPI Payment अब पड़ेगा भारी? Charge को लेकर धनबाद के व्यापारियों में नाराजगी, समझें पूरा गणित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।