Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद के टुंडी में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग

    Updated: Fri, 29 May 2026 11:14 PM (GMT+05:30)

    Dhanbad Banned Meat Row:टुंडी के मोहनाद गांव में एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। ...और पढ़ें

    आरोपितों को पकड़कर ले जाती पुलिस।(फोटोःजागरण)

    आरोपितों को पकड़कर ले जाती पुलिस।(फोटोःजागरण)

    HighLights

    1. पिकअप में प्रतिबंधित मांस मिलने पर ग्रामीणों का हंगामा।

    2. पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प, पथराव।

    3. स्थिति नियंत्रित करने पुलिस ने की लाठीचार्ज, हवाई फायरिंग।

    संवाद सूत्र, टुंडी (धनबाद)। टुंडी थाना क्षेत्र के मोहनाद गांव में शुक्रवार की शाम एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित मांस मिलने से बवाल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए जमकर पथराव किया। पथराव में पुलिस के तीन जवान व एक दर्जन ग्रामीण घायल हो गए। अपने बचाव में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे भी मामला शांत नहीं होता देख सात राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।

    शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर निवासी चालक मन्नौवर अंसारी पिकअप वैन लेकर मोहनाद गांव के सरफुद्दीन अंसारी के घर पहुंचा और एक मवेशी (बैल) लादकर जाने लगा। वाहन में कुछ मात्रा में प्रतिबंधित मांस भी लदा था। वाहन से खून गिर रहा था। पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों व ग्रामीणों ने वाहन को देख लिया और इसकी जानकारी अन्य लोगों को दे दी।

    इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए और वाहन को घेर लिया। डर से चालक मन्नौवर अंसारी ने वाहन को सरफुद्दीन अंसारी के घर के सामने ही खड़ा कर दिया। इसके बाद वह भी जान बचाने के लिए सरफुद्दीन अंसारी के घर में घुस गया। ग्रामीण उग्र होकर सरफुद्दीन अंसारी के घर को घेरकर हंगामा करने लगे। वे चालक को घर से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे।

    घटना की जानकारी मिलते ही टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर व सीओ सुरेश बर्णवाल पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।

    देखते ही देखते प्रतिबंधित मांस मिलने की खबर फैल गई और आसपास के 10 गांवों के लोग जुटकर हंगामा करने लगे। स्थिति बेकाबू होती देख पूर्वी टुंडी, मनियाडीह, बरवाअड्डा व गोविंदपुर थाने से काफी संख्या में पुलिसकर्मियों को बुला लिया गया। जिला पुलिस मुख्यालय को घटना की जानकारी देकर अतिरिक्त बल की मांग की गई। इसके बाद ग्रामीण एसपी मो. याकूब व एसडीओ बारंगे के नेतृत्व में धनबाद से भी भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।

    खबरें और भी

    गृहस्वामी सरफुद्दीन अंसारी, उसके बेटे असरफ अंसारी व पिकअप वैन चालक मन्नौवर को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। इसका भीड़ ने विरोध किया। भीड़ आरोपितों की पिटाई करना चाहती थी। ग्रामीण एसपी द्वारा आरोपितों को बचाने पर भीड़ और उग्र हो गई तथा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की व पथराव शुरू कर दिया।

    पत्थर लगने से राजेश लिंडा, अनिल यादव और विनय गुप्ता नामक पुलिस जवान घायल हो गए। इनमें राजेश लिंडा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने सात राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद भी जब भीड़ नहीं हटी तो मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे भीड़ तितर-बितर हो गई। लाठीचार्ज में एक दर्जन ग्रामीण भी घायल हुए हैं।

    पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों-सरफुद्दीन अंसारी, उसके बेटे असरफ अंसारी व चालक मन्नौवर-को हिरासत में ले लिया है। प्रतिबंधित मांस लदे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव है। निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।